CM व खेल मंत्री ने दी एशियाई खेलों में रजत पदक विजेता को बधाई

ख़बरें अभी तक। शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जकार्ता में आयोजित हुए एशियाई खेलों में रजत पदक विजेता भारतीय महिला कबड्डी टीम को बधाई दी है। इस कबड्डी टीम में हिमाचल प्रदेश की तीन खिलाड़ी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस टीम में हिमाचल की तीन कबड्डी खिलाड़ी प्रिंयका नेगी व रितु नेगी जिला सिरमौर से और कविता ठाकुर जिला कुल्लू से संबंध रखती हैं। उन्होंने कहा कि उनकी इस उपलब्धि पर न केवल हिमाचल बल्कि पूरे देश को गर्व है।

युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने भी हिमाचल प्रदेश की इन तीनों कबड्डी खिलाड़ियों को बधाई दी है, जिन्होंने हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से इन खिलाड़ियों के माता-पिता को भी बधाई दी है।

गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार एशियाई खेलों में पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को हर प्रकार से सहायता प्रदान करने और प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रयास किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार ने ओलंपिक, राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों के पदक विजेताओं को प्रदान की जाने वाली पुरस्कार राशि को बढ़ाने और खिलाड़ियों की आहार राशि में वृद्धि करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि कल हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में इन खिलाड़ियों के आगमन पर इनका गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा।