भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में वाजपेयी जी जैसा विराट व्यक्तित्व मिलना कठिन: CM योगी

खबरें अभी तक। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल राम नाइक ने कहा है कि भारत की राजनीति में मूल्यों और आदर्शों को प्राथमिकता देने वाले, स्वतंत्र भारत के ढांचागत विकास के दूरदृष्टा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का निधन भारत की राजनीति के महायुग का अवसान है। राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि था। राष्ट्र के प्रति अटल बिहारी वाजपेयी की सेवाओं के दृष्टिगत उन्हें देश का सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न प्रदान किया गया था।

 

अटल जी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के मार्गदर्शन में राष्ट्र सेवा के संस्कार ग्रहण किए थे। अटल जी के व्यक्तित्व को बहुआयामी और प्रेरक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह लोकप्रिय और सर्वमान्य नेता थे। जिनका सभी सम्मान करते थे। भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में अटल जी जैसा विराट व्यक्तित्व मिलना कठिन है।