सुखविंदर सुक्खू का प्रदेश सरकार पर वार, प्रदेश में चरमराई कानून व्यवस्था

खबरें अभी तक। हिमाचल की औद्योगिक नगरी नालागढ़-बद्दी में एक के बाद एक हत्याएं होने का प्रदेश कांग्रेस ने कड़ा संज्ञान लिया है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। सरकार आपराधिक तत्वों पर शिकंजा कसने में पूरी तरह नाकाम रही है। नालागढ़-बद्दी तो क्राइम का गढ़ बन गया है।

क्राइम रोकने के बजाय पुलिस अधिकारी मामलों को दबाने में ज्यादा लगे रहते हैं। भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद नालागढ़ और बद्दी में आमजन का जीना दूभर हो गया है। पुलिस चैन की नींद सो रही है और जयराम सरकार सत्ता के नशे में चूर है। सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भारी बरसात से हुई तबाही के बाद जनजीवन सामान्य न होने पर भी सरकार को घेरा है।

उन्होंने कहा कि एक ही बड़ी बारिश में सरकार का आपदा प्रबंधन धराशायी हो गया। मुख्य सचिव खुद शिमला में खलीनी बाइपास पर जाम में फंसे रहे। उनकी मदद को भी घंटों तक कोई नहीं पहुंचा। इससे खुद ही अंदाजा लगा सकते हैं कि आम जनता का क्या हाल हुआ होगा।