रजनी पाटिल का दूसरा दौरा, चंबा, हमीरपुर, ऊना में कार्यकर्ता सम्मेलन

खबरें अभी तक। हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल का प्रदेश का दूसरा दौरा तय हो गया है। पाटिल  आठ से 10 अगस्त  तीन दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। इस बार वे चंबा, हमीरपुर और ऊना का दौरा करेंगी। इस दौरान वे जिला कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के साथ बैठक करेंगी। नौ को उनका प्रवास हमीरपुर और 10 को ऊना जिला का होगा। रजनी पाटिल का यह दूसरा प्रवास भी महत्त्वपूर्ण रहेगा क्योंकि इससे कांग्रेसी कुनबे में नई जान आएगी।

उनके पहले प्रवास में कई बैठकें हुई, जिसके साथ कई दूसरे राजनीतिक मसले भी उठे जिनसे कांग्रेस की सियासत गर्माई रही है। उनके आने से कांग्रेसी एक बार फिर से सक्रिय होंगे। कांग्रेस नेताओं को इस दफा क्या सीख दी जाएगी ये भी देखना होगा क्योंकि रजनी पाटिल राहुल गांधी से मिलकर ही यहां आ रही हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी हिमाचल का दौरा करना है। उनके दौरे से पहले भाजपा प्रभारी मंगल पांडे यहां आ चुके हैं।  रजनी पाटिल के इस दूसरे दौरे से पहले कांग्रे्रस के वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह भी सक्रिय हो गए हैं।