कारगिल युद्ध की “शौर्यगाथा” वीरसपूतों की “गौरवगाथा”, कारगिल युद्ध जीत के 19 साल पूरे

खबरें अभी तक। 26 जुलाई 2018 आज ही के दिन कारगिल युद्ध समाप्त हुआ था। कारगिल युद्ध को आज पूरे 19 साल हो गए हैं। भारत ने दुश्मनों को घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया था। कारगिल युद्ध भारत और पाकिस्तान के बीच 18 हजार फीट की ऊंचाई पर मई 1999 को शुरू हुआ था। इस संघर्ष में भारत के 527 जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे और 1300 से अधिक घायल हुए थे। वहीं पाकिस्तान का कहना है कि उसके करीब 357 सैनिक मारे गए थे जबकि हकीकत यह है कि इस युद्ध में पड़ोसी देश के 3 हजार से ज्यादा सैनिक मारे गए थे।

भले ही कारगिल का युद्ध 1999 में शुरू हुआ हो लेकिन इसकी शुरुआत पाकिस्तान ने साल 1998 में ही कर दी थी। 1998 में उसने अपने करीब 5 हजार सैनिकों को कारगिल पर कब्जा करने के लिए भेज दिया था और पड़ोसी देश के सैनिकों ने कारगिल के एक हिस्से को घेर भी लिया था। भारत को जब इसकी भनक लगी तो पाक सैनिकों को खदेड़ने के लिए भारतीय सेना ने ऑपरेशन विजय शुरू किया। लेकिन बाद में इस मिशन कारगिल का नाम दिया गया।

भारतीय थल सेना और वायु सेना ने मिलकर पाकिस्तानी सैनिकों को खदेड़ा। पाक के खिलाफ भारतीय वायु सेना ने मिग-27 और मिग-29 का भी इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं जहां भी पाकिस्तान ने कब्जा किया था। सेना ने वहां बम गिराए। साथ ही मिग-29 की मदद से पाकिस्तान के कई ठिकानों पर आर-77 मिसाइलों से हमला किया गया। युद्ध में बड़ी संख्या में रॉकेट का इस्तेमाल किया गया। इस दौरान करीब दो लाख पचास हजार गोले दागे गए और 5,000 बम फायर करने के लिए 300 से ज्यादा मोर्टार, तोपों और रॉकेट का इस्तेमाल किया गया। युद्ध के दौरान हर रोज प्रति मिनट में एक राउंड फायर किया जाता था। बताया जाता है कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद कारगिल ऐसा युद्ध था जिसमें दुश्मन देश की सेना पर इतनी बड़ी संख्या में बमबारी की गई थी।

14 जुलाई को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने ऑपरेशन को सफल करार दिया था। लेकिन आधिकारिक तौर पर इसे 26 जुलाई, 1999 को खत्म किया गया था। युद्ध से भारत में देशप्रेम का उबाल देखने को मिला। लोग सैनिकों के लिए दुआएं कर रहे थे। सहायता राशि तक भेजी गई। भारत की अर्थव्यवस्था को ज्यादा फर्क नहीं पड़ा। भारतीय सरकार ने रक्षा बजट और बढ़ाया जबकि पाकिस्तान में राजनैतिक और आर्थिक अस्थिरता बढ़ गई और नवाज़ शरीफ़ की सरकार को हटाकर परवेज़ मुशर्रफ़ राष्ट्रपति बन गए। कारगिल युद्ध भारतीय सेना के साहस और ताकत का ऐसा उदाहरण है जिस पर हर हिन्दुस्तानी आज भी गर्व करता है।