अगले दो दिन भारी बारिश की चेतावनी, कई जगह हुआ भू-स्खलन

खबरें अभी तक। हिमाचल में अगले दो दिन मौसम कहर बरपाएगा। मौसम विभाग ने शिमला, मंडी, कुल्लू, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में एक-दो जगह बुधवार और गुरुवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में 29 जुलाई तक मानसून सक्रिय बना रहेगा। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होगी, जबकि 30 जुलाई को राज्य में मानसून की रफ्तार धीमी रहेगी। मंगलवार को राज्य में बारिश का सिलसिला जारी रहा।

प्रदेश में मानसून की बौछारें आफत बनकर बरस रही हैं। जगह-जगह भू-स्खलन हो रहा है। सिरमौर में बारिश से कई भवनों को नुकसान पहुंचा है। कई जगह भारी बारिश के कारण संपर्क मार्ग भी ठप पड़े हुए हैं। बारिश से अधिकतम तापमान में फिर गिरावट आई है। हमीरपुर के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक चार डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।