मुंबई के अंधेरी इलाके में ब्रिज गिरने से हुआ बड़ा हादसा, 6 लोग घायल

खबरें अभी तक। मुंबई के अंधेरी इलाके में मंगलवार की सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। अंधेरी स्टेशन के पास गोखले रोड ओवरब्रिज का एक हिस्सा गिर गया। इस हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो लोग आईसीयू में हैं। जबकि अन्य 4 लोगों को फ्रैक्चर हुआ है। ये ब्रिज अंधेरी रेलवे स्टेशन के पास था, जिसके कारण अंधेरी से विरार जाने वाली ट्रेनों के संचालन को बंद कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7.30 बजे अचानक से ये ब्रिज गिर गया।

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड के अनुसार, ये ब्रिज अंधेरी ईस्ट को अंधेरी वेस्ट से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि हम जल्द से जल्द बचाव कार्य चला रहे हैं। इस ब्रिज का नाम गोखले ब्रिज है। रोड ओवरब्रिज का मलबा गिरने से रेलवे ट्रैक पर OHE प्रभावित हुई है। जिसके कारण यातायात पर फर्क पड़ा है।

अंधेरी में रोडओवर ब्रिज का स्लैब गिरा

अंधेरी से विले पार्ले जाने वाली सभी 4 लाइनें बंद कर दी गई हैं। ब्रिज गिरने के कारण मुंबई के मशहूर डब्बावालों का काम भी ठप हो गया है। बांद्रा-गोरेगांव के बीच चलने वाली लोकल ट्रेन सेवा भी रोक दी गई है।

रेल मंत्री पीयूष गोयल ने भी हादसे के बाद ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद उन्होंने इसकी जांच के आदेश दिए हैं, वहीं जल्द से जल्द राहत कार्य बढ़ाने को कहा गया है।

ब्रिज के दूसरी तरफ ही दो स्कूल हैं, पास में ही रेलवे स्टेशन है। यही कारण है कि ये ब्रिज काफी इस्तेमाल में आता है, हालांकि क्योंकि ये हादसा काफी सुबह हुआ इसलिए ब्रिज पर अधिक संख्या में लोग नहीं थे।

 

हादसे के बाद मुंबई पुलिस ने भी इस बारे में ट्वीट किया। पुलिस ने बताया कि ब्रिज गिरने के बाद मौके पर सुरक्षा से जुड़े सभी इंतजामों को किया जा रहा है। मौके पर पुलिस पहुंच गई है, अभी ट्रैफिक रोका गया है।

आपको बता दें कि मुंबई में पिछले काफी समय से लगातार बारिश हो रही है। मंगलवार को भी जिस दौरान ब्रिज गिरा है, वहां पर बारिश ही हो रही थी। बारिश के कारण लगातार कई इलाकों में पानी भी भरा हुआ है। साफ है कि अगर ब्रिज इतना ही कमजोर था तो उसे लोगों के लिए चालू रखना एक लापरवाही को दर्शाता है।