करंट की चपेट में आए 4 लोग, वेल्डिंग के दौरान हुआ हादसा

खबरें अभी तक। बहादुरगढ़ में एक निर्माणाधीन मकान में स्टील की ग्रिल वेल्डिंग करते समय एक महिला समेत चार लोग करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बहादुरगढ़ के सेक्टर 7 में हुआ। घायलों को तुरंत बहादुरगढ़ के सामान्य अस्पताल में भिजवाया गया। जहां चारों को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। लेकिन चिकित्सकों द्वारा रेफर करने के बावजूद उन्हें करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिल पाई।

जिससे लोगों में काफी रोष बना हुआ है। दरअसल बहादुरगढ़ के सेक्टर 7 निर्माणाधीन मकान नंबर 78 में स्टील की ग्रिल वेल्डिंग का काम चल रहा था। उसी दौरान अचानक ग्रिल में करंट आने के कारण वेल्डिंग कर रहे तीन कर्मचारी और मकान में रहने वाली एक महिला करंट की चपेट में आ गई। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। झुलसे हुए  लोगों की पहचान  महिला सीमा कर्मचारी नूर दुलारा और विष्णु के रूप में हुई है।

घायलों को तुरंत अस्पताल लाया गया। लेकिन समय पर एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिलने के कारण उन्हें काफी परेशानी हुई। करंट लगने से चारों गंभीर रूप से झुलस गए थे। उन्हें तुरंत एंबुलेंस की सहायता मिलनी चाहिए थी,  लेकिन सरकारी अस्पताल में एंबुलेंस ही उपलब्ध नहीं थी। जिसकी वजह से उन्हें करीब आधा घंटा इलाज मिलने में देरी हो गई। ऐसे में गंभीर अवस्था में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने वाली प्रदेश सरकार की नीति पर सवाल खड़े होना लाजमी है।

हालाकीं आधे घंटे बाद एक एंबुलेंस में चारों घायलों को पीजीआई रोहतक भेजा गया। जहां उनकी हालत फिलहाल गंभीर ही बनी हुई है. लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण लोगों में रोष अब भी बना हुआ है।