ई-रिक्शा चालकों ने रोड जाम कर जमकर किया हंगामा

खबरें अभी तक। बेगूसराय में आज नगर निगम के संवेदक के द्वारा एक ई रिक्शा ड्राइवर की पिटाई से आक्रोशित ई रिक्शा चालकों ने काली स्थान बस स्टैंड मुख्य सड़क को जाम कर जमकर हंगामा किया। नगर थाना के ठीक सामने ई रिक्शा चालकों ने सड़क को जाम कर दिया एवं नगर निगम पर बर्बरतापूर्ण रवैया का आरोप लगाया। रिक्शा चालकों का कहना है कि नगर निगम के संवेदक द्वारा नियुक्त असामाजिक तत्वों को पैसा वसूलने के लिए नियुक्त किया गया है। जिससे आए दिन इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं।

इतना ही नहीं पैसा वसूलने की आड़ में रिक्शा पर बैठे महिलाओं के साथ भी संवेदक के कर्मचारियों के द्वारा दुर्व्यवहार किया जाता है। आक्रोशित रिक्शा चालकों ने कहा कि हम लोग सालाना एकमुश्त राशि देने के लिए तैयार हैं। लेकिन रोज-रोज जिल्लत भरी जिंदगी से हम लोग ऊब चुके हैं। अब जब तक नगर निगम के द्वारा कोई स्थाई निदान नहीं निकाला जाएगा हम लोगों का आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।