शिक्षामंत्री की घोषणा, पंडित लखमीचंद को मिलेगा भारत रत्न

खबरें अभी तक। हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा है कि हरियाणा की संस्कृति देश की सबसे समृद्ध संस्कृति है, जिसके निर्माण में सूर्य कवि पंडित लख्मीचंद का विशेष योगदान है। पंडित लख्मीचंद की रचनाएं हमेशा प्रासंगिक रहेंगी।

उनके साहित्य को अमर रखा जाएगा। पंडित लख्मीचंद को भारत रत्न दिलाने के लिए हरियाणा सरकार से प्रस्ताव पारित करवा कर केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा। शिक्षा मंत्री भिवानी जिले के गांव उमरावत में म्हारी संस्कृति म्हारा स्वाभिमान संस्था द्वारा सूर्य कवि पंडित लख्मीचंद सांस्कृतिक भवन का शिलान्यास करने के उपरांत समारोह को संबोधित कर रहे थे।

यह संस्था द्वारा प्रदेश में पहला पंडित लख्मीचंद सांस्कृतिक भवन है। शिक्षा मंत्री ने भवन के निर्माण के लिए 21 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह घोषणा नहीं बल्कि भवन निर्माण के लिए संस्था के पास 21 लाख रुपए की राशि पहुंच गई है।