जनमंच पर कांग्रेस का निशाना, विधानसभा अध्यक्ष ने लिया हिस्सा

खबरें अभी तक। सरकार के जनमंच कार्यक्रम पर कांग्रेस ने निशाना साधा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू ने विधानसभा अध्यक्ष डा.राजीव बिंदल और डिप्टी स्पीकर हंसराज के जनमंच कार्यक्रम में भाग लेने पर आपत्ति जताई है। सुक्खू ने कहा कि संवैधानिक पदों पर बैठे विधानसभा स्पीकर व डिप्टी स्पीकर को ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेना शोभा नहीं देता। यह पद तटस्थ होते हैं, इसलिए पार्टी लाइन पर चलाए जाने वाले सरकारी कार्यक्रमों से दूरी बनाकर रखनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्पीकर व डिप्टी स्पीकर विधानसभा सदस्यों के गार्जियन भी होते हैं। उन्हें संविधान के दायरे में रहकर ही काम करना होता है। उन्होंने भाजपा पर संवैधानिक संस्थाओं का राजनीतिकरण करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान का मजाक उड़ा रही है। जनमंच विशुद्ध तौर पर भाजपा का कार्यक्रम है। इसमें  स्पीकर और डिप्टी स्पीकर की ड्यूटी कैसे लगाई जा सकती है। अगर संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति इनमें शामिल होंगे तो उनसे निष्पक्षता की उम्मीद नहीं की जा सकती।