सीरिया में अमरीकी गठबंधन द्वारा हुए हवाई हमले में 12 की मौत

खबरें अभी तक। पूर्वी उत्तरी सीरिया में अमरीकी गठबंधन द्वारा आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) के ठिकानों पर किए गए हवाई हमले में 12 नागरिकों की जान चली गई। ये सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। मानवाधिकार संगठन सीरियाई ऑब्जरवेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने शनिवार को बताया कि हसाकाह प्रांत के हिदाज गांव पर शुक्रवार रात हवाई हमले किए गए। इस क्षेत्र पर ISIS  का कब्जा है।

मारे गए नागरिकों में दो महिलाएं और उनके बच्चे शामिल हैं। बीते 24 घंटों में गठबंधन के हमले में अब तक कुल 20 लोगों की मौत हो चुकी है। अमरीकी गठबंधन ने गुरुवार रात दीर इजोर प्रांत में भी हवाई हमला किया था। यहां पर 8 नागरिक मारे गए थे। बता दें कि सीरिया से आइएस का लगभग पूरा सफाया हो गया है।

वह देश के महज 3 फीसदी इलाकों में ही बचा हुआ है। यहां से भी इसका सफाया करने के लिए व्यापक सैन्य अभियान चलाया जा रहा है। साल 2014 में आइएस ने जब खलीफा शासन का एलान किया था। तब सीरिया का बड़ा हिस्सा उसके नियंत्रण में था।