उपचुनाव में जीत के बाद तबस्सुम हसन ने दिया बड़ा विवादित बयान

खबरें अभी तक। उत्तर प्रदेश के कैराना लोकसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करने वाली गठबंधन उम्मीदवार आर.एल.डी. तबस्सुम हसन ने बड़ा बयान दिया है। 5 दलों के गठबंधन की प्रत्याशी हसन ने दावा किया कि 2019 में उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा। पार्टी को उत्तर प्रदेश में सिर्फ 3 लोकसभा सीट पर ही जीत मिलेगी।

भाजपा प्रत्याशी को हराने वाली रालोद प्रत्याशी तबस्सुम हसन ने कहा कि जनतंत्र ने उनकी जीत सुनिश्चित कराते हुए योगी के अभियान और मोदी के अहंकार को कैराना में दफन कर दिया है। गठबंधन दलों के साथ आई जनता ने भाजपा को आईना दिखाने का काम किया है। उनकी जीत इस बात का परिणाम है कि भाजपा की नीतियों के विरुद्ध आम जनता एकजुट हो चुकी है।

तबस्सुम हसन ने कहा कि 2019 में यही जनता देश और यूपी से भाजपा का सूपड़ा साफ करने के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने जीत पर कार्यकर्ताओं और सर्व समाज का आभार व्यक्त किया। शामली में मतगणना केंद्र के बाहर तबस्सुम हसन मीडिया से मुखातिब थीं।