बहादुरगढ़ में पानी की समस्या के चलते महिलाओं ने लगाया जाम

खबरें अभी तक। बहादुरगढ़ में पीने के पानी की समस्या को लेकर महिलाओं ने जाम लगा दिया। मामला बहादुरगढ़ के शास्त्री नगर का है। महिलाएं पिछले 15 दिन से पीने के पानी की सप्लाई नहीं आने के कारण परेशान थी। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।

जाम लगने के कारण बहादुरगढ़- नजफगढ़ रोड पर करीब 1 घंटे तक यातायात बाधित रहा। जाम लगाने वाली महिलाओं ने बताया कि बहादुरगढ़ के शास्त्री नगर में पिछले डेढ़ माह से गंदे पानी की सप्लाई आ रही थी और पिछले 15 दिन से तो वह भी आनी बंद हो गई। वे कई बार अधिकारियों को इस मामले से अवगत करवा चुके हैं। लेकिन इसके बावजूद पानी की सप्लाई नियमित नहीं हो सकी।

पानी नहीं आने के कारण लोगों के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे थे और उन्हें खरीद कर पानी पीना पढ़ रहा था। इसीलिए उन्होंने मजबूरी में जाम लगाया है। वही मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार श्रीभगवान ने महिलाओं को 15 मिनट के अंदर पानी की सप्लाई उनकी कॉलोनी में करवाने का आश्वासन दिया। तब जाकर महिलाएं शांत हुई और जाम खोला गया।