सत्ता के लालच में मलाई खाने वालों की इनेलो में कोई इंट्री नहीं : चौटाला

खबरें अभी तक। इनेलो सुप्रीमो व पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि इस बार प्रदेश में इनेलो-बसपा गठबंधन की सरकार बननी तय है। जो लोग मलाई के चक्कर में सत्ता का मजा लूटने के लिए भागे थे, उनकी पार्टी में कोई इंट्री नहीं होगी। इस बार किसी भी हालत में पार्टी के साथ लोगों को जोडक़र सरकार बनाने में कार्यकत्र्ता पूरा सहयोग करें। ताकि समय आने पर कार्यकत्र्ताओं की समस्याओं को दूर किया जा सके।

ओमप्रकाश चौटाला बीती देर शाम दादरी के पार्टी कार्यालय में कार्यकत्र्ताओं की मीटिंग को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने साजिश के तहत उन्हें जेल भेजा था। नौकरी देना जुर्म नहीं है इसलिए इस कलंक को भी कार्यकत्र्ता ही धो सकते हैं। अब समय कम है इसलिए कार्यकत्र्ता ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ें और सरकार बनाने में सहयोग करें। चौटाला ने कहा कि देश-प्रदेश में भाजपा की गलत नीतियों के कारण जनता परेशान है।

किसानों के साथ अन्याय किया जा रहा है। खरीद व लागत का दोगुना देने के नाम पर सरकार किसानों से धोखा कर रही है। जिस तरह कांग्रेस से परेशान होकर हरियाणा के लोगों ने भाजपा की सरकार बनाई थी, उसी तरह अब प्रदेश की जनता भाजपा से दुखी होकर इनेलो की सरकार बनाने के लिए तैयार बैठी है। ऐसे में सरकार बनाने के लिए कार्यकत्र्ता फील्ड में उतरें और लोगों को जोड़ें। समय आने पर कार्यकत्र्ताओं की पूरी कसर निकाल दी जाएगी।