स्टार जिम्नास्ट दीपा कर्मकार की निगांहें अब राष्ट्रमंडल खेलों पर

खबरें अभी तक। स्टार जिम्नास्ट दीपा कर्मकार ने कहा कि भारतीय जिम्नास्टों की आने वाली पीढ़ी काफी प्रतिभावान है। शनिवार को कोलकाता में अपने सम्मान समारोह में दीपा ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि हमारे पास आने वाले दिनों में कई अच्छे जिम्नास्ट होंगे क्योंकि हम सही रास्ते पर बढ़ रहे हैं। अगरतला में जिम्नास्टिक्स के लिए आधारभूत संरचना में काफी सुधार हुआ है। दिल्ली के बाद मुझे लगता है कि अगरतला में काफी अच्छे संसाधन हैं।

दीपा की निगाहें अब राष्ट्रमंडल खेलों पर हैं। उन्होंने कहा कि मैंने स्वास्थ्य लाभ की प्रक्रिया पूरी कर ली है और 11 दिसंबर से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में शुरू होने वाले शिविर में हिस्सा लेते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारी करूंगी। मैंने एक दिसंबर से अभ्यास भी शुरू कर दिया है। पिछले साल हुए रियो ओलंपिक में दीपा कांस्य पदक से थोड़े से चूक गईं थीं। वह चौथे स्थान पर रही थीं। हालांकि इसके बावजूद वह इतिहास रचने में सफल रही थीं। दीपा चौथे स्थान पर रहने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं।

राष्ट्रीय शिविर में चोट लगने के बाद दीपा ने इसी साल अप्रैल में मुंबई में सर्जरी कराई थी। इसी चोट के कारण वह रियो के बाद किसी प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले पाई थीं। दीपा सर्जरी के कारण एशियाई चैंपियनशिप में हिस्सा नहीं ले पाई थीं। वह कनाडा में हुई विश्व चैंपियनशिप में भी नहीं उतरी थीं। उनसे जब पूछा गया कि क्या इतने लंबे समय तक खेल से दूर रहना उनके 2018 के अभियान को क्षति पहुंचा सकता है तो उन्होंने इससे इन्कार करते हुए कहा कि चोट खिलाडिय़ों की जिंदगी का हिस्सा है। मैं अब इससे उबर चुकी हूं और अभ्यास शुरू करके मुझे अच्छा लग रहा है। मैं अब बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए मानसिक तौर पर काफी मजबूत हूं। मेरे कोच (विश्वेश्वर नंदी) मेरी हर चीज का ख्याल रख रहे हैं और मेरे लिए रणनीति बना रहे हैं।