70 साल से छावनी के विकास की कमी को सूद सहित किया जा रहा है पूरा-अनिल विज

खबरें अभी तक। स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि 70 वर्षों तक विकास के मामले में अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र की अनदेखी की गई है। अब भाजपा की सरकार ने जनता से किए गए चुनावी वायदे को पूरा करते हुए विकास की कमी को सूद सहित पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अम्बाला छावनी में विकास का पहिया तेज गति से घूम रहा है और हम आरम्भ से ही विकास की राजनीति के पक्षधर रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि झगड़ा, जमीनों पर कब्जे और व्यक्तिगत हितों की राजनीति करने वाले दलों को विकास की राजनीति रास नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि अम्बाला छावनी का जितना भी विकास हुआ है वह उनके प्रयासों से ही हुआ है, अन्य प्रतिनिधियों ने केवल लोगों को लड़ाने और गुमराह करने की राजनीति की है।

श्री विज आज अम्बाला छावनी में 5 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 12 क्रास रोड के निर्माण कार्य का शिलान्यास करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि इस सडक़ को चौड़ा व मजबूत बनाने के साथ-साथ इसके बीचों-बीच डिवाइडर बनाकर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। दोनों तरफ के नालों को भी दोबारा बनाया जाएगा ताकि पानी की निकासी सही प्रकार से हो सके। इस सड़क के बीच बाधा उत्पन्न करने वाले बिजली के सभी खंबों को हटाया जाएगा और इसके लिए उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम को 20 लाख रुपए की राशि उपलब्ध करवाई गई है। सडक़ पर आने वाली सभी पुलियों को भी चौड़ा किया जाएगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र का कोई भी ऐसा कोना नहीं है, जहां विकास की परियोजनाएं न चल रही हों। उन्होंने कहा कि अम्बाला छावनी में 50 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातानुकूलित अस्पताल का निर्माण करवाया गया है और ऐसा राजकीय अस्पताल पूरे देश में कहीं नही है। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल में कैथ लैब, डायलिसिस, अल्ट्रासाउंड सहित सभी आधुनिक सुविधाएं प्राइवेट अस्पतालों की तुलना में बहुत कम फीस पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं। बीपीएल और अनुसूचित जाति के लोगों के लिए यह सुविधाएं पूरी तरह निशुल्क हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने से पूर्व इस अस्पताल में प्रतिदिन 120 से 150 मरीज आते थे और अब सुविधाओं का विस्तार होने से प्रतिदिन 2000 से अधिक मरीज स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अम्बाला छावनी ही नही बल्कि पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार किया गया है। अम्बाला सहित चार जिलों में कैथ लैब स्थापित की गई है और अब सभी जिला अस्पतालों में डायलिसिस सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए कम्पनी को आदेश दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर हरियाणा में कैंसर के मरीजों के लिए इलाज की कोई सुविधा उपलब्ध नही थी और इस समस्या के समाधान के लिए 56 करोड़ रुपए की लागत से कैंसर ट्रसरी सेंट का निर्माण शीघ्र आरम्भ किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर निगम के सदर क्षेत्र में 150 करोड़ रुपए की लागत से सीवरेज बिछाने का कार्य आरम्भ किया जा चुका है।

सभी क्षेत्रों में नहरी पेयजल उपलब्ध करवाने की परियोजना भी प्रगति पर है। अम्बाला छावनी को अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर पहचान दिलवाने के लिए 1857 की क्रांति के शहीदों की याद में 173 करोड़ रुपए की लागत से शहीदी स्मारक की स्थापना की जा रही है और इस परियोजना के टैंडर जारी किए जा चुके हैं। इसी प्रकार विद्यार्थियों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास के लिए रिजनल साईंस सेंटर की स्थापना की जा रही है। शहर के सौंदर्यकरण के लिए 18 करोड़ रुपए की लागत से सुभाष पार्क का निर्माण किया जा रहा है और 50 लाख रुपए की लागत से फव्वारे की स्थापना की गई है। शहर को बाढ़ से सुरक्षित रखने के लिए बब्याल क्षेत्र में 200 क्यूसिक क्षमता का पम्प स्थापित किए जा रहे हैं और घसीटपुर में लगाए गए पम्पो की क्षमता को बढ़ाकर 200 क्यूसिक किया जा रहा है। इसके अलावा महेशनगर ड्रेन को नए डिजाईन से तैयार किया जा रहा है।

इस अवसर पर नगर निगम के आयुक्त धर्मबीर सिंह, एसडीएम सुभाष चन्द्र सिहाग, संयुक्त आयुक्त गगनदीप सिंह, कार्यकारी अभियंता आर.डी. धीमान, एमई हरीश कुमार, भाजपा नेता सोम चोपड़ा, बलविन्द्र सिंह, कमल किशोर जैन, मदन लाल शर्मा, देवेन्द्र उप्पल, अनूम चोपड़ा, रणधीर सिंह पंजोखरा, ओम सहगल, दीप चंद नम्बरदार, गुरपाल माजरा, रवि चौधरी, डा0 ऋषि टुंडली, ओम सहगल, रवि सहगल, संजय जैन गोपचा, ललित चौधरी, राजीव डिम्पल, अनिल नागर, सोनल शर्मा, कुमारी ज्योति जैदिया, दर्शन बाजीगर, चन्नी मस्ताना सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।