सिद्धरमैया सरकार से जनता है नाराज़ चाहती है बदलाव:नितिन गडकरी

खबरें अभी तक। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित देख रहे केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का कहना है कि सिद्धरमैया सरकार से जनता नाराज है और उन्हें बदलना चाहती है। पिछले 48 महीनों से केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के काम को लोग देख रहे हैं। चाहे आर्थिक मामले हों, खेती-किसानी हो या फिर कूटनीतिक, हर क्षेत्र में एक नया आयाम बना है। मंगलवार को एक विशेष बातचीत में गडकरी ने कई नए दावे भी किए।

गडकरी ने कहा कर्नाटक में पिछले 5 साल से कांग्रेस की सरकार है। लोग इस सरकार को बदलना चाहते हैं। उससे तंग आ चुके हैं। चुनाव प्रचार के दौरान जिस तरह से वहां की जनता का जुड़ाव दिख रहा है,  उससे साफ है कि भाजपा सरकार बनाने जा रही है। भ्रष्टाचार पर उन्होंने कहा कि क्यों नहीं, भ्रष्टाचार एक अहम मुद्दा है। येद्धियुरप्पा की सरकार पांच साल पहले थी लेकिन वर्तमान में जो सिद्धरमैया सरकार है, उसने तो भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं लांघ दी हैं। वहां की जनता अब परेशान है। बदलाव का दौर है। भाजपा वहां एक बेहतर सरकार बनाने जा रही है।

उन्होंने कहा केंद्र की मोदी सरकार ने बीते 4 वर्षों मे जो काम किया है, उससे भारत में बदलाव दिख रहा है। हर तरफ विकास दिखाई दे रहा है। चाहे इकोनॉमिक रिफार्म्स हो, कूटनीतिक मामले हों या फिर रोजगार सृजन का,  हर तरफ आपको नया भारत विकसित होता दिखेगा। आज हमारी आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत हुई है और दुनिया के सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था वाले देशों में भारत गिना जाने लगा है। वहीं कूटनीतिक स्तर पर देखें तो अमरीका के साथ ही पड़ोसी मुल्कों और दुनिया के दूसरे छोटे-बड़े तमाम देशों के साथ भारत के रिश्ते मजबूत हुए हैं।