रवींद्रनाथ टैगोर की 157वीं जयंती आज

ख़बरें अभी तक। नई दिल्ली- आज रवींद्रनाथ टैगोर की 157वीं जयंती है। रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के इस अवसर पर राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद और पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी ने उन्‍हें याद किया है। रामनाथ कोविंद ने ट्वीट करते हुए कहा कि गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर मैं उनके प्रति समादर व्यक्त करता हूं। वह एशिया के पहले नोबेल पुरस्कार विजेता थे और भारत के राष्ट्र-गान रचयिता भी थे। वे हमारे देश की अग्रणी सांस्कृतिक विभूतियों में से एक हैं। ममता बनर्जी ने ट्विटर पर लिखा, ‘आज रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती है। उनकी जयंती पर महान कवि और लेखक को मैं श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं।’

आपको बता दें कि रवींद्रनाथ टैगोर का जन्म 7 मई, 1861 को कलकत्ता के प्रसिद्ध जोर सांको भवन में हुआ था। उनके पिता देवेन्द्रनाथ टैगोर ब्रह्म समाज के नेता थे। टैगोर विश्वविख्यात कवि, साहित्यकार, दार्शनिक और भारतीय साहित्य के एकमात्र नोबल पुरस्कार विजेता हैं। रवींद्रनाथ को गुरुदेव के नाम से भी जाना जाता है। वे एकमात्र कवि हैं, जिसकी दो रचनाएं दो देशों का राष्ट्रगान बनीं। भारत का राष्ट्र-गान जन गण मन और बांग्लादेश का राष्ट्रीय गान आमार सोनार बांग्ला गुरुदेव की ही रचनाएं हैं।