मन की बात में प्रधानमंत्री ने महात्मा बुद्ध को और पैगम्बर साहब को भी याद किया

खबरें अभी तक।प्रधानमंत्री नरेंद्र ने आज एक बार फिर मन की बात कार्यक्रम के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने सबसे पहले कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की तारीफ की। पीएम ने कहा, ‘हमारे खिलाड़ियों ने देशवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया और एक-के-बाद एक मेडल जीतते चले गए। पीएम मोदी ने कहा हर भारतीय को ये सफलता गर्व दिलाती है। पदक जीतना खिलाड़ियों के लिए गर्व और खुशी की बात होती ही है। ये पूरे देश के लिए, सभी देशवासियों के लिए अत्यंत गौरव का पर्व होता है।’

बुद्ध पूर्णिया की बधाई 

पीएम मोदी ने कहा कि बुद्ध पूर्णिमा प्रत्येक भारतीय के लिए खास दिन है। हमें गर्व होना चाहिए कि भारत करुणा, सेवा और त्याग की शक्ति दिखाने वाले भगवान बुद्ध की धरती है। भगवान बुद्ध समानता, शांति, सदभाव और भाईचारे की प्रेरणा शक्ति है।

रमज़ान की शुभकामनाएं

पैगम्बर साहब को याद करते हुए कहा कि कुछ ही दिनों में रमज़ान का पवित्र महीना शुरु हो रहा है। विश्वभर में रमज़ान का महीना श्रद्धा और सम्मान से मनाया जाता। पैगम्बर मोहम्मद साहब की शिक्षा और उनके सन्देश को याद करने का यह अवसर है | उनके जीवन से समानता और भाईचारे के मार्ग पर चलना यह हमारी ज़िम्मेदारी बनती है। उन्होंने कहा पैगम्बर मोहम्मद साहब ज्ञान और करुणा में विश्वास रखते थे | उन्हें किसी बात का अहंकार नहीं था | वह कहते थे कि अहंकार ही ज्ञान को पराजित करता रहता है। पैगम्बर मोहम्मद साहब का मानना था कि यदि आपके पास कोई भी चीज़ आपकी आवश्यकता से अधिक है तो आप उसे किसी ज़रूरतमंद व्यक्ति को दें, इसीलिए रमज़ान में दान का भी काफी महत्व है।

जल संरक्षण सामाजिक जिम्मेदारी

जल संरक्षण पर बात करते हुए पीएम ने कहा कि भारतीयों के दिल में जल-संरक्षण ये कोई नया विषय नहीं है, किताबों का विषय नहीं है, भाषा का विषय नहीं रहा। एक-एक बूंद पानी को बचाने को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण  प्रत्येक व्यकित की सामाजिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।