कैराना लोकसभा चुनाव के राजनीतिक दलों की तैयारियां शुरू

खबरें अभी तक।  चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश से रिक्त कैराना लोकसभा सीट पर होने वाले चुनाव के लिए भले ही अभी कोई फैसला नहीं लिया है लेकिन राजनीतिक दलों ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। लोकसभा के आम चुनाव अगले साल होने हैं। चुनाव आयोग ने अभी तय नहीं किया है कि भाजपा सांसद हुकुम सिंह का देहान्त हो जाने से रिक्त हुई कैराना लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव कराया जाए या नहीं।

गोरखपुर तथा फूलपुर लोकसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव मेें सत्तारूढ़ भाजपा को मिली हार से उत्साहित विपक्ष ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कैराना सीट पर होने वाले उपचुनाव के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण बनने की उम्मीद की जा रही है, इसलिए सभी राजनीतिक दलों ने उपचुनाव के लिए कमर कसनी शुरू कर दी है। अटकलें हैं कि चुनाव आयोग इस महीने उपचुनाव की घोषणा कर सकता है। यह सीट भाजपा सांसद हुकुम सिंह के देहान्त हो जाने से रिक्त हुई है।

उपचुनाव में भाजपा उनकी पुत्री मृगांका सिंह को चुनाव मैदान में उतारकर दांव लगा सकती है। मृगांका सिंह स्वर्गीय हुकुम सिंह की पुत्री है और कैराना विधानसभा सीट से वर्ष 2017 में चुनाव मैदान में उतरी थी लेकिन उन्हें सपा उम्मीदवार से हार का सामना करना पड़ा था। इस सीट पर होने वाला चुनाव में विपक्षी दल अपना एक संयुक्त उम्मीदवार उतार सकते हैं। चुनाव के परिणाम से पता चल सकेगा कि विपक्षी दलों की एकता कितनी मजबूत है।