भाजपा कार्यकर्ता ने विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठ खिंचाई फोटो

खबरें अभी तक। गुजरात विधानसभा में रविवार को एक और काला अध्याय जुड़ गया। भाजपा के एक कार्यकर्ता ने विधानसभा अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर फोटो खिंचाई और फिर उसे सोशल मीडिया पर जारी कर दिया। विधानसभा अध्य क्ष राजेंद्र त्रिवेदी ने इसे सदन की गरिमा का अपमान बताया है।

फोटो खिंचवाने वाला वडोदरा का भाजपा कार्यकर्ता राहुल परमार है। सत्ताधारी दल के कार्यकर्ता की हरकत से राजनीति और मीडिया में हंगामा मचा हुआ है। गौरतलब है कि मार्च के आखिरी सप्ताह में समाप्त बजट सत्र के दौरान कांग्रेस और भाजपा विधायकों के बीच मारपीट हो गई थी।

इसके बाद कांग्रेस के दो विधायकों को पूरे एक साल के लिए निलंबित तक कर दिया गया था। हालांकि, विपक्ष के नेता परेश धनानी और मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मुलाकात के बाद समझौता हो गया था। इसके तहत कांग्रेस ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव वापस ले लिया था और उसके विधायकों का निलंबन भी सत्र समाप्ति तक कर दिया गया था।