ऑफ रूट हुई बसें जल्द ही रूटों पर दौंड़ेगी

खबरें अभी तक। जे.एन.एन.यू.आर.एम. के तहत मिली बसों में से ऑफ रूट हुई बसें जल्द ही रूटों पर दौंड़ेगी। निगम ने इन बसों को कलस्टर के तहत इन बसों के संचालन के लिए रूट निर्धारित कर दिए हैं। अब शीघ्र ही परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक होगी, जिसमें निजी बस ऑप्रेटर यूनियन के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। इस बैठक के बाद ही बसों के संचालन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। केंद्र से एन.एन.यू.आर.एम. के तहत निगम को 791 बसें मिली थी, जिसमें से 325 बसें ऑफ रूट हो चुकी थीं, जो अभी भी सड़कों के किनारों पर धूल फांक रही हैं। निगम इस प्रोजैक्ट में केंद्र से मंजूर बसों को वास्तविक स्वरूप से हटकर अंतरराज्यीय रूटों पर भी दौड़ाना शुरू कर दिया था। यहीं से विवाद खड़ा हुआ।

791 बसों में से 325 के करीब बसें कलस्टर के तहत नहीं चल रही थी, जिसके चलते बसें ऑफ रूट हो गई। उच्च न्यायालय ने भी निगम को आदेश दिए थे कि ये बसें वास्तविक प्रोजैक्ट के ही अनुरूप चलें, जिससे केंद्र सरकार ने भी मंजूरी दी थी। ऐसे में निगम ने ऑफ रूट हुई बसों को वास्तविक प्रोजैक्ट के तहत चलाने के लिए योजना बनाई। अब इन बसों के संचालन के लिए निगम द्वारा रूट निर्धारित कर दिए गए हैं। अब कुछ औपचारिकताएं शेष रहती हैं। इसके पश्चात यह बसें रूटों पर दौड़ती नजर आएंगी। इसके बाद उन क्षेत्रों में जनता को राहत मिलेगी जिन क्षेत्रों में उक्त बसों के संचालन बंद होने से जनता को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।