राजनाथ सिंह के खास मेहमान बने पद्म पुरस्कार विजेता, जीवन के उतार-चढ़ावों को किया साझा

खबरें अभी तक। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने 41 प्रख्यात लोगों के लिए रविवार को रात्रि भोज का आयोजन किया। इन सभी लोगों को सोमवार को पद्म अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।

पद्म सम्मान पाने वाले इन लोगों में बहुत से आम लोग हैं जिन्हें कोई नहीं पहचानता है। पर उनके काम बहुत बड़े हैं। जैसे किसी ने गरीबों की सेवा की है। किसी ने मुफ्त स्कूल संचालित किए और कुछ ने आदिवासियों की कला को वैश्विक स्तर तक पहुंचाया है। इस दौरान इन लोगों ने अपने अनुभव और जीवन के उतार-चढ़ाव साझा किए।

गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि ऐसा दूसरी बार हो रहा है कि गृह मंत्री ने पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किए जाने वाले लोगों को रात्रि भोज पर आमंत्रित किया है। अथक परिश्रम करने वाले यह सम्मानित जन ‘न्यू इंडिया’ के अगुवा हैं।

राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले समारोह में उप राष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रिमंडल सहयोगी शामिल होंगे। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और विदेश राज्यमंत्री किरण रिजिजू भी मौजूद रहेंगे। इस साल 84 पद्म पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। इसमें दो लोगों को दिए जा रहे पुरस्कार को एक गिना जा रहा है। इस सूची में तीन पद्म विभूषण, नौ पद्म भूषण और 72 पद्म श्री पुरस्कार हैं। इन पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस की पूर्वसंध्या पर होती है।