रविवार से लागू होगा ताजमहल का नया आदेश

खबरें अभी तक।  ताजमहल पर पर्यटकों के बोझ को कम करने के लिए एक नया आदेश जारी किया गया है जिसके तहत अब पर्यटक सिर्फ  3 घंटे ही ताजमहल में समय बिता सकेंगे। यह नया आदेश 1 अप्रैल यानी रविवार से लागू हो जाएगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ए.एस.आई.) द्वारा जारी नोटिस के मुताबिक 17वीं शताब्दी के स्मारक पर ‘मानव भार’ को कम करने के लिए यह फैसला किया गया है। गौरतलब है कि ताजमहल के दीदार के लिए बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह फैसला किया गया है।

छुट्टियों में ताजमहल देखने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचते हैं। सफेद संगमरमर की इस इमारत के दीदार के लिए पहुंची भारी भीड़ प्रबंधन केंद्रीय औद्योगिकी सुरक्षा बल (सी.आई.एस.एफ.) के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है। छुट्टियों और वीक ऑफ  में यहां पर्यटकों की संख्या 50,000 से ऊपर तक पहुंच जाती है।

देना होगा अतिरिक्त चार्ज
नए नियम के मुताबिक ताजमहल के टिकट की वैधता अब सिर्फ  3 घंटे के लिए होगी। अगर कोई 3 घंटे से ज्यादा समय ताजमहल में बिताना चाहता है तो उसे अतिरिक्त चार्ज यानी ज्यादा पैसे चुकाने होंगे।