भारत पर गिर सकता है चीनी अंतरिक्ष केंद्र, जानिए- क्या होगा असर

घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन यह सच है। अनियंत्रित हो चुका चीनी स्पेस लैब तियांगोंग तेजी से धरती की ओर आ रहा है। इस अंतरिक्ष केंद्र पर निगरानी रख रही यूरोपियन स्पेस एजेंसी के मुताबिक यह धरती के वायुमंडल में 30 मार्च से दो अप्रैल के बीच प्रवेश कर सकता है। वहीं चाइना मैन्ड स्पेस इंजीनियरिंग के वैज्ञानिक इस तारीख को 31 मार्च से चार अप्रैल के बीच बता रहे हैं। हालांकि दोनों ही संस्थाएं अपने अनुमान के आगे-पीछे होने की बात भी कह रही हैं।

वैज्ञानिक इससे किसी भी प्रकार के नुकसान न होने को लेकर आश्वस्त हैं। इसकी पर्याप्त वजहें बताई जा रही है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि यह 43 अक्षांश उत्तर से लेकर 43 अक्षांश दक्षिण के मध्य के व्यापक क्षेत्र में कहीं भी गिर सकता है। इसी भौगोलिक क्षेत्र में भारत भी आता है।

 तियांगोंग-1: चीनी स्पेस सुपरपॉवर का प्रतीक अंतरिक्ष में अपनी ताकत दिखाते हुए चीन ने सितंबर 2011 में इसे जब लांच किया तो इसे ‘स्वर्ग में राजमहल’ कहा। यह चीन का पहला अंतरिक्ष केंद्र था। लांचिंग मानवरहित हुई, लेकिन डिजायनिंग इस प्रकार हुई थी कि अन्य यान इससे जुड़ सकें और शोध किया जा सके। 2012 में चीन की पहली महिला अंतरिक्षयात्री लियू यांग इस अंतरिक्ष केंद्र में जाकर प्रयोग किया। 2013 में चीन की दूसरी महिला अंतरिक्ष यात्री वांग यापिंग भी यहां पहुंची।