लालू का एम्स में होगा इलाज, राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए हुए रवाना

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव बुधवार शाम करीब सवा छह बजे कड़ी सुरक्षा के बीच रेलवे स्टेशन से राजधानी एक्सप्रेस से दिल्ली के लिए रवाना हुए। लालू चारा घोटाले के अलग-अलग मामलों में रांची में सजा काट रहे थे। उनका अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली में इलाज होगा। इससे पहले लालू ने रेलवे वीआइपी लाउंज में आराम किया। लालू रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) से एंबुलेंस के बजाय टाटा सूमो में बैठकर यहां पहुंचे। रांची रेलवे स्टेशन पर कड़ी सुरक्षा रही। लालू को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। उनके साथ कोई भी चिकित्सक या नर्स नहीं जा रही है। उनके साथ दो दारोगा और दो कांस्टेबल भी जा रहे हैं। यहीं उनकी सुरक्षा में तैनात रहेंगे।

3 लेयर सुरक्षा में लालू को भेजा जा रहा है दिल्ली

लालू यादव को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में रांची से दिल्ली भेज जा रहा है। लालू की सुरक्षा 3 लेयर में है। जिसमें पहली सुरक्षा यूपी आरपीएफ, दूसरी रांची आरपीएफ और तीसरी सुरक्षा में रांची पुलिस के जवान तैनात है। लालू की बोगी में किसी को भी घुसने नही दिया जा रहा है। सुरक्षा में तैनात पुलिस फ़ोर्स को सख्त निर्देश दिया गया है।लालू के साथ जाने वाले सुरक्षाकर्मियों को ही रिम्स के चिकित्सकों ने रास्ते में उनके खानपान और दवाएं देने से संबंधी निर्देश दे दिए हैं। लालू की सुरक्षा में तैनात 6 पुलिस कर्मी एसी 3 में गए, जबकि लालू के साथ सिर्फ एक पुलिस अधिकारी एच 1 में गया है। लालू के साथ राजद के सभी पूर्व एमएलए गए हैं। भोला यादव बतौर अटेंडेंट साथ गए हैं। अन्य लोगों ने साथ में टिकट कटाया है। रामा तिग्गा पुलिस ऑफिसर है, जो लालू यादव की सुरक्षा में रांची से दिल्ली जा रहे हैं। सभी ने बताया कि टिकट को लेकर उन्हें कोई जानकारी नहीं है जबकि नियम के मताबिक, सभी पुलिस कर्मियों को लालू के साथ ही जाना था।