सबसे बड़ी हैरोइन की खेप सहित गिरफ्तार

खबरें अभी तक। स्पैशल टास्क फोर्स (एस.टी.एफ.) ने पंजाब में आज तक की सबसे बड़ी हैरोइन की खेप पकड़ी है। इस तस्कर को लुधियाना रेंज के एस.टी.एफ. के इंचार्ज एस.आई. हरबंस सिंह की टीम ने 40 किलो हैरोइन सहित गिरफ्तार किया है। एस.टी.एफ. के ए.आई.जी. स्नेहदीप शर्मा व ए.आई.जी. जालंधर रेंज मुखविंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि एस.टी.एफ. लुधियाना रेंज के इंचार्ज हरबंस सिंह की पुलिस टीम ने चंडीगढ़ रोड पर कीॢत नगर के पास नाकाबंदी की हुई थी। एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार को जब पुलिस पार्टी ने शक के आधार पर रोका तो कार चालक ने कार पीछे मोड़ कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने चालक को काबू कर तलाशी ली तो कार की पिछली सीट पर सेब से भरी 4 पेटियां पड़ी हुई थीं।

पेटियों की जांच करने पर सेबों के नीचे 40 पैकेट हैरोइन के बरामद हुए जिनका कुल वजन 40 किलो था। इसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 200 करोड़ रुपए कीमत आंकी जा रही है। पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति की पहचान गुरलाल सिंह गुल्लू (30) निवासी गांव मझ अमृतसर के रूप में की है। उसके खिलाफ थाना मोती नगर में एन.डी.पी.एस. एक्ट के अधीन केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। तस्कर के पिता पर दोहरे कत्ल व भाई पर 17 किलो हैरोइन का मामला दर्ज : पकड़े गए नशा तस्कर गुरलाल सिंह का पिता दिलबाग सिंह दोहरे कत्ल के मामले में अमृतसर जेल में बंद है, उसे 23 वर्ष की सजा हुई है जबकि गुरलाल का भाई पलविन्द्र सिंह भी नशा तस्करी का काम करता था जोकि 17 किलो हैरोइन के साथ पकड़ा जा चुका है और इस समय अमृतसर की जेल में बंद है। आरोपी पहले खेतीबाड़ी करता था और उसके बाद इसने नशे की तस्करी का काम शुरू कर दिया।

पाकिस्तान की आई.एस.आई. के साथ नशा तस्कर के सीधे संपर्क
ए.आई.जी. स्नेहदीप शर्मा व लुधियाना इंचार्ज हरबंस सिंह ने बताया कि पकड़ा गया नशा तस्कर गुरलाल सिंह पिछले लम्बे समय से हैरोइन की तस्करी कर रहा है जोकि हैरोइन की खेप पाकिस्तान से नशा तस्करों व आई.एस.आई. से सीधा संपर्क करके बार्डर के इलाके में मंगवाता था। वहीं से खुद खेप लेकर आगे अपने सप्लायरों को सप्लाई करने जाता था। आरोपी गुरलाल हैरोइन की बड़ी खेपों को पंजाब के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश आदि राज्यों में सप्लाई कर चुका है।