बीमारियों ने घेर लिया था पूरा कुनबा, अब कर रहे दूसरों का इलाज

 तीन साल पहले की बात है। सेक्टर-8 निवासी रिटायर्ड बीडीओ सतबीर सिंह बडाला का पूरा कुनबा बीमारियों की चपेट में था। कोई दवाओं के सहारे समय बीता रहा था तो किसी का घूमना-फिरना भी बंद हो गया था। दो साल पहले उनकी मुलाकात पैरलल बार ट्रेनर सज्जन सिंह खर्ब से हुई तो उनकी जिंदगी बदल गई। अब पूरा परिवार फिटनेस ट्रेनर बन चुका है और लोगों को प्रैक्टिस करवाकर सेहतमंद बना रहा है।

रंगशाला के पास हर्बल पार्क में रिटायर्ड बीडीओ सतबीर सिंह का पूरा परिवार रूबरू था। सतबीर बताते हैं कि उनका वजन लगातार बढ़ता जा रहा था। पहली बार 92 किलो वजन हो गया था। अस्थमा की भी समस्या बढ़ गई थी। कई सालों से उनकी पत्नी सुमति के कंधों में दर्द रहता था। अनगिनत डॉक्टरों से चेक कराया, सबने यही कहा कि आपरेशन करवाना पड़ेगा।

उन्‍हाेंने बताया कि सु‍मति को कमर में डिस्क की प्रोब्लम भी थी। एक बार गिर गई थी, जिससे परेशानी और बढ़ गई। घुटनों में इतना दर्द रहता था कि घर में भी चलने-फिरने में परेशानी होती थी। एलर्जी होने से लगातार छींक आती रहती थी। सर्वाइकल की समस्या भी शुरू हो गई थी।

पैरलल बार के संपर्क में आने की कहानी भी रोचक है। सुमति बताती हैं कि दो साल पहले एक दिन उनकी पोती रौनक और शलीका ने कहा कि कम्यूनिटी सेंटर में बूढ़ों को जवान बनाने की मशीन लगी हुई है। वह पोतियों के साथ वहां गईं तो काफी महिलाएं व पुरुष प्रैक्टिस कर रहे थे। सज्जन खर्ब सबको ट्रेनिंग करवा रहे थे। उन्होंने भी अपनी समस्या बताई तो दावा किया कि दस दिन रेगुलर प्रैक्टिस करने से आराम महसूस होगा। वह रोज सुबह-शाम सेंटर में आकर प्रैक्टिस करने लगीं। थोड़े दिन में आराम महसूस होने के बाद पूरे परिवार ने इन पर प्रैक्टिस करनी शुरू कर दी।