अमेरिका में कड़े बंदूक नियंत्रण कानून की मांग को लेकर प्रदर्शन, हजारों लोग शामिल

अमेरिका में कड़े बंदूक नियंत्रण कानून की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में हजारों लोग जुटे।शनिवार को हुई रैली में भाग लेने के लिए देशभर से हजारों लोग पहुंचे। रैली का नेतृत्व पिछले महीने फ्लोरिडा स्कूल नरसंहार में जीवित बचे छात्रों ने किया। इस नरसंहार के बाद से लोगों का गुस्सा चरम पर है। पार्कलैंड, फ्लोरिडा हाई स्कूल में 14 फरवरी को हुई गोलीबारी में 17 लोग मारे गए थे।

इसी स्कूल के छात्र ने वॉशिंगटन में भी बड़ी रैली को संबोधित किया। आयोजकों के मुताबिक इस रैली में कम से कम 500,000 लोग शामिल हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने कैपिटोल के समीप प्रदर्शन किया और अमेरिकी कांग्रेस से बंदूक से हो रही हिंसा से लड़ने का आह्वान भी किया। प्रदर्शनकारियों का लक्ष्य उस कानूनी रुकावट को तोड़ना है जो देश में लंबे समय से बंदूकों की बिक्री पर प्रतिबंध के प्रयासों की राह में रोड़ा बना हुआ है।

देश में स्कूलों और कॉलेजों में आए दिन समूह पर गोलीबारी होना आम बात हो गई है। अपने दोस्तों के साथ ओहायो स्टेट यूनिवर्सिटी से वॉशिंगटन आ रहे 18 वर्षीय अश्ले स्क्लाएगेर ने कहा, ‘मैं नहीं चाहता कि कोई बच्चा एक और आंकड़ा देखे।’ पार्कलैंड के उपनगर फोर्ट लौडेर्डाले में हजारों लोग पुलिस जांच चौकी से एक पार्क की तरफ गुजरे। इसी पार्क में जमा होने के बाद लोगों ने रैली निकाली। कई लोगों के हाथों में ‘एम आई नेक्स्ट?’ की तख्ती थी।