कर्नाटक में राहुल गांधी ने मंदिर में किया दर्शन, केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर बोला हमला

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को केंद्र सरकार के नोटबंदी के फैसले और जीएसटी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार की दोनों नीतियों ने भारतीय अर्थव्यवस्था और रोजगार निर्माण को गहरा नुकसान पहुंचाया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कर्नाटक के मैसूर में महिला महारानी आर्ट्स कॉलेज में छात्रों को संबोधित कर रहे थे।

बता दें कि आगामी कर्नाटक विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी के मद्देनजर कई राष्ट्रीय स्तर के नेताओं ने हाल में कर्नाटक का दौरा किया है।

पीएनबी घोटाले का किया जिक्र-

छात्रों को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि पीएनबी घोटाले का मुख्य आरोपी नीरव मोदी बैंकों का 22,000 करोड़ लेकर भाग गया। क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि यदि ये 22,000 करोड़ रुपए अगर आपको दिए जाते तो आप युवा महिलाओं द्वारा कितने बिजनेस तैयार किये जा सकते थे। हम एक आर्थिक रुप से अच्छा कर रहे हैं लेकिन हम नौकरियां तैयार नहीं कर रहे हैं, क्योंकि जो कुशल हैं उनके पास वित्तीय समर्थन और सहयोग नहीं है। समस्या ये है कि एक बड़ी मात्रा में पैसा केवल चुनिंदा 15-20 लोगों के पास जा रहा है।