ट्रेड वॉर की संभावनाओं को कम करने के लिए भारत को आगे आना चाहिए: फिक्की

वैश्विक स्तर पर उभरती ट्रेड वॉर की संभावनाओं को कम करने के लिए भारत को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। क्योंकि यह विश्व व्यापार में सकारात्मक दृष्टिकोण को नुकसान पहुंचा सकता है। यह बात फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (फिक्की) ने कही है।

विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) प्रक्रिया को बरकरार रखने के महत्व को उजागर करते हुए उद्योग संगठन ने कहा कि अमेरिकी प्रशासन की ओर से संरक्षणवादी उपायों ने एक संभावित ट्रेड वॉर (व्यापार युद्ध) की गंभीर चिंताओं को उजागर किया है। फिक्की ने कहा, “इसके अलावा, विश्व व्यापार संगठन के महानिदेशक रॉबर्टो एजेवेडो ने इस सप्ताह की शुरुआत में नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय लघु मंत्रिस्तरीय बैठक में इस मुद्दे पर चेतावनी जारी की थी। यह दुनियाभर के देशों के लिए जवाबी कार्यवाही के बजाए चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए सोचने का समय है जो अमेरिका की ओर से टैरिफ में एकतरफा वृद्धि के कारण बनती दिख रही हैं।”