महाधिवेशन- मनमोहन सरकार ने 14 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला, भाजपा ने धकेला

ख़बरें अभी तक: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज कांग्रेस के महाधिवेशन को संबोधित करेंगे और पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे। इस महाधिवेशन में कांग्रेस पार्टी आने वाले लोकसभा चुनाव (2019) को लेकर अपनी रणनीति की रूपरेखा तैयार कर रही है। इस महाधिवेशन में देश भर से तीन हजार डेलीगेट्स और 15 हजार से अधिक पदाधिकारी और कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं।

सम्मेलन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री चिदंबरम ने कहा कि मनमोहन सिंह की सरकार की ये सबसे बड़ी उपलब्धि है कि उन्‍होंने 14 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला था, लेकिन भाजपा सरकार ने लोगों को फिर गरीबी में धकेल दिया है। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों की संख्‍या बड़ी है और यह भाजपा सरकार की सबसे बड़ी नाकामयाबी है जो उन्‍होंने भारत के लोगों के नाम की है।

पी चिदंबरम ने कहा कि आर्थिक विकास का वर्तमान चरण 1990 में शुरू हुआ था जब राजीव गांधी ने उदारीकरण का बीज बोया था। डॉ.मनमोहन सिंह ने इसे गति दी और भाजपा के नेतृत्‍व वाली एनडीए सरकार कहती है रिकॉर्ड अपने आप बोलते हैं।

नोटबंदी पर चिदंबरम ने कहा कि मैं आरबीआई के अधिकारियों से कहना चाहूंगा कि आप तिरुपति में हुंडी कलेक्टर क्यों नहीं जाते हैं? वो आपकी तुलना में तेजी से पैसा गिनते हैं।

इससे पहले सम्मेलन के दूसरे दिन देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद किया है। उन्होंने कहा, जब मोदी जी प्रचार कर रहे थे तो उन्होंने बहुत सारे वादे किए, इन वादों को पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि हम 2 करोड़ रोजगार प्रदान करेंगे, हमने 2 लाख नौकरियां भी नहीं देखी हैं। मौजूदा बीजेपी सरकार ने अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है, नोटबंदी और जीएसटी से कई नौकरियां गई।

पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने छ​ह साल में किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही। इसके लिए देश की विकास दर कम से कम 12 फीसदी होनी चाहिए जो कि अकल्पनीय है। ऐसे में उनकी यह घोषणा भी ‘जुमला टाइप’ वादा है। उन्होंने कहा ​कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और वहां स्थति खराब होती जा रही है। मोदी सरकार जम्मू-कश्मीर के मुद्दे को सही ढंग से नहीं संभाल पाई है।

उन्होंने कहा ​कि पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद में मदद करता है जो अस्वीकार्य है। यह उसे समझना होगा कि ऐसा करना उसके अपने हित में नहीं है। शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व से ही प्रगति की जा सकती है। सिंह ने कहा कि भाजपा रक्षा को लेकर भी बड़ी बड़ी बातें करती हैं, लेकिन रक्षा खर्च बहुत कम ​​है। इस मामले में भी उसने खोखले वादे किये हैं।

मोदी सरकार की विदेश नीति व्यक्ति केन्द्रित और दिशाहीन : कांग्रेस

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ‘व्यक्ति केन्द्रित विदेश नीति’ पर अमल करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि वर्तमान सरकार बड़े देशों के साथ भारत के संबंधों को नहीं संभाल पाई है और विदेश नीति दिशाहीन हो चुकी है। उसने यह भी आरोप लगाया कि सरकार पाकिस्तान, चीन और दूसरी चुनौतियों से निपटने में नाकाम रही है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा की ओर से पेश प्रस्ताव में कहा गया है, ”विदेश नीति सदा मजबूत राष्ट्रीय सहमति के साथ तालमेल बिठाकर चलती रही है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा सरकार ने इसे बाधित कर दिया और गलत सलाह पर आधारित उसके कदमों ने राष्ट्रीय सहमति को भंग किया है।” इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।