परीक्षा पैटर्न में किया गया बड़ा बदलाव,UGC NET के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू

खबरें अभी तक।  यू.जी.सी.-नैट में बैठने के लिए उम्मीदवार मंगलवार से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। यह प्रक्रिया 6 मार्च से शुरू हो रही है और इसकी आखिरी तारीख 6 अप्रैल है। 6 अप्रैल तक फीस जमा करवाई जा सकेगी।

सी.बी.एस.ई. ने इसकी तैयारियां कर ली हैं। इसके बाद उम्मीदवारों को आवेदन फार्म में त्रुटियां दुरुस्त करने का भी मौका दिया जाएगा। अपने आवेदन फार्म में उम्मीदवार सी.बी.एस.ई. नैट की वैबसाइट पर जाकर अपने आवेदन फार्म में त्रुटियों को ठीक कर सकेंगे।

त्रुटियां दुरुस्त करने की प्रक्रिया 25 अप्रैल से 1 मई तक की जा सकेगी। NET (नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट) परीक्षा का आयोजन 8 जुलाई को होगा।

3 घंटे होगी परीक्षा, 300 अंक के पूछे जाएंगे प्रश्न
इस बार परीक्षा पैटर्न में बदलाव किया गया है। पूर्व में जहां 3 पेपर वाले फॉर्मैट पर यह परीक्षा आयोजित की जाती थी, लेकिन इस वर्ष से इस परीक्षा के पैटर्न में बदलाव करते हुए अब नैट में 2 पेपर लिए जाएंगे। इसके साथ ही परीक्षा की समय अवधि में बदलाव किया गया है।

नैट में वर्ष 2018 से 2 पेपर होने के चलते अब यह परीक्षा 3 घंटे की होगी। पहले यह परीक्षा साढ़े 5 घंटे की होती थी। नैट में कुल 300 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें पहला पेपर 100 अंक का होगा। इसमें 50 अनिवार्य प्रश्न होंगे। यह पेपर सुबह 9:30 से 10:30 बजे तक होगा। दूसरा पेपर 200 अंकों का होगा।

इसमें सभी 100 प्रश्न अनिवार्य होंगे। यह पेपर 2 घंटे का सुबह 11:30 से दोपहर 1 बजे तक होगा। दोनों पेपर में एक प्रश्न के लिए 2 अंक निर्धारित किए गए हैं।

सामान्य वर्ग के लिए 1,000 रुपए फीस निर्धारित
आवेदन के लिए उम्मीदवार को 55 प्रतिशत (एस.सी., एस.टी. व ओ.बी.सी.-एन.सी.एल. के लिए 50 प्रतिशत) अंकों के साथ स्नातकोत्तर जरूरी होगा। अंतिम वर्ष या अंतिम सैमेस्टर के विद्यार्थी भी आवेदन कर सकते हैं। सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 1000 रुपए फीस निर्धारित की गई है जबकि ओ.बी.सी. वर्ग के लिए 500 रुपए और एस.सी. व एस.टी. वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 250 रुपए फीस निर्धारित की गई है।

उम्मीदवारों की सुविधा के लिए सी.बी.एस.ई. ने आवेदन करने की प्रक्रिया से लेकर अन्य महत्वपूर्ण जानकारी वैबसाइट पर डाल दी है। यू.जी.सी. नैट के अंतर्गत जूनियर रिसर्च फैलोशिप (जे.आर.एफ.) में शामिल होने के लिए अधिकतम आयु सीमा 2 साल बढ़ा दी गई है। यानी कि उच्च आयु सीमा को 28 वर्ष से बढ़ाकर 30 वर्ष किया गया है।

100 विषयों के लिए होगी यू.जी.सी. नैट
अर्थशास्त्र, पॉलिटिकल साइंस, फिलोसॉफी, साइकोलॉजी, सोशियोलॉजी, इतिहास, एंथ्रोलॉजी, कॉमर्स, शिक्षा, सोशल वर्क, डिफैंस एंड स्ट्रेटेजिक स्टडीज, गृह विज्ञान, लोक प्रशासन, पॉपुलेशन स्टडीज, हिंदुस्तानी म्यूजिक (वोकल/इंस्ट्रूमैंटल), मैनेजमैंट, मैथिली, बंगाली, हिन्दी, कन्नड़, मलयालम, उड़िया, पंजाबी, संस्कृत, तमिल, तेलगु, उर्दू, अरबी, अंग्रेजी, लिंग्विस्टिक्स, चाइनीज, डोगरी, नेपाली, मणिपुरी, असमी, गुजराती, मराठी, फ्रैंच, स्पेनिश, रशियन, फारसी, राजस्थानी, जर्मन, जापानीज, एडल्ट एजुकेशन, फिजिकल एजुकेशन, अरब कल्चर एंड इस्लामिक स्टडीज, इंडियन कल्चर, लेबर वैल्फेयर, विधि, लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मैशन साइंस, बुद्धिस्ट, जैन, गांधियन एंड पीस स्टडीज, कंपेरेटिव स्टडीज ऑफ रिलिजन, मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म, डांस, म्यूजियोलॉजी एंड कंजर्वेशन, आॢकयोलॉजी, क्रिमिनोलॉजी, ट्राइबल एंड रीजनल लैंगवेज/लिट्रेचर, फॉक लिट्रेचर, कंपेरेटिव लिट्रेचर, संस्कृत ट्रेडिशनल सब्जैक्ट्स, वीमेन स्टडीज, विजुअल आर्ट, भूगोल, सोशल मैडीसन एंड कम्यूनिटी हैल्थ, फोरैंसिक साइंस, पाली, कश्मीरी, कोंकणी, कम्प्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशंस, इलैक्ट्रॉनिक साइंस, एन्वायरमैंटल साइंस, इंटरनैशनल एंड एरिया स्टडीज, प्राकृत, ह्यूमन राइट्स एंड ड्यूटीज, टूरिज्म एडमिनिस्ट्रेशन एंड मैनेजमैंट, बोडो, संथाली, कर्नाटक संगीत, रविंद्र संगीत, परक्यूशन इंस्ट्रूमैंट्स, ड्रामा व योगा।