जिस कांग्रेस ने छह संशोधन किए, उसे अब तकलीफ क्या: मुख्यमंत्री जयराम

पूर्वोत्तर में भाजपा को मिली जीत पर प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि देश कांग्रेस मुक्त ही नहीं कम्युनिस्ट मुक्त भी हो रहा है। जिस कांग्रेस ने धारा 118 में छह बार संशोधन किया, उसे अब तकलीफ क्यों हो रही है। धारा 118 को न तो हटाया जाएगा और न ही कोई बड़ा बदलाव होगा। इसका केवल सरलीकरण होगा, जिससे उद्योगों को स्थापित करने के साथ विकास हो सके।

शिमला स्थित भाजपा मुख्यालय दीप कमल में रविवार को पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर

ने कहा कि भाजपा समुदाय विशेष की पार्टी नहीं, आम लोगोंं से जुड़ी है। इसका परिणाम है कि 25 राज्यों

में भाजपा समर्थित और भाजपा की सरकारें हैं। पूर्वोत्तर की जीत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2019 में

दोबारा प्रधानमंत्री बनने पर मोहर लगा दी है। कांग्रेस के खिलाफ भाजपा की चार्जशीट पर कहा कि चार्जशीट सरकार के पास है और उसपर समय पर जांच होगी।

जहां जमानत जब्त होती थी, वहां भाजपा की सरकार

जयराम ने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा को प्रत्याशी नहीं मिलते थे और जमानत जब्त हो जाती थी, वहां पर पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा ने सरकार बनाई है। त्रिपुरा में पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को एक सीट भी नहीं मिली थी, लेकिन इस बार वहीं दो तिहाई बहुमत के साथ भाजपा गठबंधन सरकार बन रही है। भाजपा अब किसी क्षेत्र, जाति तक सीमित नहीं रही, बल्कि देश की सर्वमान्य पार्टी बनकर उभरी है।