कभी ऐसे थे गांधी खानदान और बच्चन परिवार के रिश्ते, ट्विटर जोड़ पाएगा पुराने नाते…?

इतिहास और वक्त के बारे में एक बात कही जाती है कि यह खुद को दोहराते जरूर हैं। 1980 के दशक के अंत में गांधी खानदान और बच्चन परिवार के बीच जो रिश्ते कटु हो चले थे वही रिश्ते अब इंटरनेट की ‘चिड़िया’ के जरिए फिर परवान चढ़ते नजर आ रहे हैं। अब देखना होगा कि जो रिश्ते एक तोप से बिगड़ गए थे उन रिश्तों के तारों को एक चिड़िया (ट्विटर) किस हद तक जोड़ पाती है। 20वीं सदी के अंत में हुए एक सर्वे में अमिताभ बच्चन को सदी का सुपरस्टार चुना गया था। अमिताभ बच्चन एंग्री यंग मैन की अपनी छवि से लेकर बुढ़ापे के किरदारों तक हर रोल से अपने प्रशंसकों ही नहीं आलोचकों को भी निशब्द करते रहे। लेकिन जब-जब भी उनकी नजदीकियां किसी राजनीतिक दल से हुई, उन्हें लेकर चर्चाएं खूब हुईं। कभी कांग्रेस का करीबी रहा बच्चन परिवार जब देश के सबसे बड़े राजनीतिक खानदान से दूर हुआ तो भी सुर्खियां बनीं और जब समाजवादी पार्टी से उनकी नजदीकियां बढ़ीं तब भी उनको लेकर हेडलाइन बनी।

अब एक बार फिर वे सुर्खियों में हैं। इस बार वे सुर्खियों में इसलिए हैं क्योंकि हाल ही में उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ ही कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल को भी फॉलो करना शुरू कर दिया है। इसके अलावा उन्होंने पी चिदंबरम, कपिल सिबल, अहमद पटेल, अशोक गहलोत, अजय माकन, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सचिन पायलट, सीपी जोशी, मनीष तिवारी, शकील अहमद, संजय निरूपम, रणदीप सुरजेवाला, प्रियंका चतुर्वेदी और संजय झा जैसे कांग्रेस नेताओं को फॉलो करना शुरू किया है। बता दें कि टि्वटर पर अमिताभ बच्चन को 33.1 मिलियन लोग फॉलो करते हैं, जबकि वे खुद 1730 लोगों को फॉलो करते हैं।

 कांग्रेस और उसके नेताओं को अमिताभ बच्चन द्वारा ट्विटर पर अचानक फॉलो करने की घटना आम नहीं है। क्योंकि एक लंबा वक्त बीत चुका है, जब कांग्रेस और बच्चन परिवार की राहें जुदा हो गई थीं। इधर भाजपा और खासकर पीएम नरेंद्र मोदी से अमिताभ बच्चन के संबंध भी मधुर हैं। एक तरफ बिग-बी कांग्रेस नेताओं को फॉलो कर रहे हैं, दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी कांग्रेस मुक्त भारत के मिशन पर हैं।

बच्चन परिवार और गांधी खानदान के बीच रिश्ते काफी पुराने रहे हैं। दोनों परिवार एक-दूसरे के काफी करीबी थे। लेकिन वक्त ने ऐसी करवट ली कि दोनों परिवारों के बीच दूरियां पैदा हो गईं। अब जिस तरह से बिग-बी ने कांग्रेस और उसके नेताओं को ट्विटर पर फॉलो करना शुरू किया है, उससे लगता है दोनों परिवारों के रिश्तों के बीच जमीं बर्फ पिघलने लगी है। चलिए जानें कैसे रहे हैं दोनों परिवारों के बीच के रिश्ते…