हुआ हंगामा,लुधियाना में छह क्विंटल गोमांस के साथ महिला को पकड़ा

खबरें अभी तक। यहां पश्चिम बंगाल की महिला और उसकी छह महिला साथियों से छह क्विंटल से अधिक गोमांस बरामद किया गया है। वे यह गोमांस बस में ले जा रही थीं। यह गोमांस 17 बाेरियों में भरा था। महिला को एक हिंदू नेता की सूचना पर पुलिस ने गिरफ्तार किया। महिला के छह साथी भागने में कामयाब हो गए। इस मामले का खुलासा होने पर हंगामा मच गया।

महिला को चौकी बस स्टैंड की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित महिला की पहचान धूरी लाइन निवासी मुसलिमा के रूप में हुई है। वह मूलरूप से प‍श्चिम बंगाल की रहने वाली है। उसके कब्जे से छह क्विंटल 36 किलो गोमांस बरामद हुआ है। पुलिस अन्‍य आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।

जांच अधिकारी चांद हीर ने बताया कि हिंदू नेता चेतन मल्होत्रा पुलिस को सूचना दी थी कि भारत नगर चौक में कुछ महिलाएं बोरों में गोमांस भरकर ले जा रही हैं। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुसलिमा नाम की महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी साथी छह अन्य महिलाएं वहां से फरार हो गईं। आरोपिता के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

हिंदू नेता ने किया बस का पीछा

शिवसेना पंजाब के चेयरमैन राजीव टंडन ने बताया कि हिंदू नेता चेतन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। वह बस में आरोपितों का पीछा करते हुए आ रहे थे। लुधियाना पहुंचकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। गोमांस 17 बोरों में भरा था।

महिलाएं हड्डारोड़ी से 20 रुपये किलो में लाई थीं गोमांस

पुलिस सूत्रों के अनुसार, लुधियाना में किराये के मकान में रहने वाली मुसलिमा साथी महिलाओं के साथ फिरोजपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित हड्डारोड़ी से 20 रुपये किलो के हिसाब से गोमांस लाई थी। पूछताछ में सामने आया कि वह पहले भी कई बार ऐसा कर चुकी है। इस बार वह ज्यादा मांस लेकर जा रही थी तो पकड़ी गई।

लुधियाना में ही कई जगह करती थी सप्लाई

आरोपित महिला ने पुलिस के समक्ष कबूल किया है कि वह लुधियाना में ही कई लोगों को गोमांस की सप्लाई करती थी। पहले वह स्थानीय स्तर पर किसी महिला से गोमांस लेकर लोगों को सप्लाई देती थी। वहां से उसे गोमांस मंहगा मिलता था। लेकिन अब वह 20 रुपये किलो की दर से गोमांस लाकर 100 रुपये किलो की दर से बेचना चाहती थी। वह लुधियाना के झुग्गी झोंपड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को गोमांस का सप्लाई करती थी। वहीं सूत्रों का कहना है कि वह कई रेहडिय़ों व दुकानों पर भी मांस की सप्लाई करती थी।

सामने आएगा बड़ा जाल

पुलिस सूत्रों के अनुसार इस मामले में बड़ा जाल सामने आ सकता है। इस मामले में आरोपिता की साथी महिलाओं के अलावा अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है। लुधियाना में गोमांस की डिमांड करने वाले लोगों की पहचान के लिए भी पुलिस सक्रिय हो गई है। वहीं हड्डारोड़ी से गोमांस की बिक्री करने वालों पर भी पुलिस कड़ी कार्रवाई कर सकती है।

मामला गंभीर है और जांच शुरु कर दी गई है। अभी तक यही सामने आया है कि ये महिलाएं फिरोजपुर रेलवे स्टेशन के पास हड्डारोड़ी से गोमांस लाती थीं। पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है और फरार महिलाओं की तलाश भी की जा रही है। इश नेटवर्क से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।