Corona In India: देश में 2 महीने बाद सबसे कम केस मिले, 24 घंटे में 2427 की मौत… पढ़िए अपडे

ख़बरें अभी तक || भारत में जानलेवा कोरोना वायरस की दूसरी लहर अब थमती हुई नज़र आ रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1 लाख 636 नए मामले सामने आए हैं। वहीं, कल 2 हजार 427 लोगों की मौत हो गई। हालांकि कल 1 लाख 74 हजार 399 लोग ठीक भी हुए हैं। जानिए देश में कोरोना की ताजा स्थिति क्या है ?

61 दिनों में सबसे कम केस दर्ज

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि भारत में पिछले 24 घंटे में आए कोरोना वायरस के नए मामले 61 दिनों में सबसे कम है। इससे पहले सबसे कम केस 7 अप्रैल को दर्ज किए गए थे, तब एक दिन में 1 लाख 15 हजार से ज्यादा केस सामने आए थे। मंत्रालय ने जानकारी दी है कि देश में अब दैनिक पॉजिटिविटी रेट 6.34 फीसदी हो गई है।

•             कुल केस- 2 करोड़ 89 लाख 9 हजार 975

•             कुल डिस्चार्ज- 2 करोड़ 71 लाख 59 हजार 180

•             कुल मौत- 3 लाख 49 हजार 186

•             कुल एक्टिव केस- 14 लाख 01 हजार 609

 देश में अबतक 23 करोड़ 27 लाख 86 हजार 482 डोज लगीं

वहीं, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस वैक्सीन की 13 लाख 90 हजार 916 डोज लगाई गईं हैं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 23 करोड़ 27 लाख 86 हजार 482 हो गया है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने जानकारी दी है कि भारत में कल कोरोना वायरस के 15 लाख 87 हजार 589 सैंपल टेस्ट किए गए हैं। जिसके बाद कल तक कुल 36 करोड़ 63 लाख 34 हजार 111 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।

13 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां

देश के 15 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

19 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन

देश के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

प्रमुख राज्यों के हाल

1. महाराष्ट्र

यहां रविवार को 12,557 लोग संक्रमित पाए गए। 14,433 लोग ठीक हुए और 618 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 58.31 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 55.43 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख लोगों की मौत हो गई। 1.85 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश

यहां रविवार को 1,037 लोग संक्रमित पाए गए। 2,446 लोग ठीक हुए और 101 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.98 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16.59 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 21,252 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 17,928 मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली

दिल्ली में रविवार को 381 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 1,189 लोग ठीक हुए और 34 की मौत हो गई। अब तक 14.29 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13.99 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 24,591 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 5,889 मरीजों का इलाज चल रहा है।