Corona Update India: कोरोना की रफ्तार पर ब्रेक, 2 महीने में सबसे कम नए केस, 2677 लोगों की मौत

खबरें अभी तक || भारत में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का ग्राफ अब धीरे-धीरे नीचे की ओर आ रहा है। लेकिन संक्रमण से हो रही मौत के आंकड़ों में उतार-चढ़ाव बरकरार है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को देश में 1 लाख 14 हजार 460 नए कोरोना केस मिले हैं और 2 हजार 677 कोविड संक्रमितों की जान चली गई है। वहीं 1 लाख 89 हजार 232 लोग कोरोना को मात देकर ठीक भी हुए हैं। यानी कि बीते दिन 77 हजार 449 एक्टिव केस कम हो गए। इससे पहले इतने कम कोरोना केस 5 अप्रैल को 96 हजार 982 को दर्ज किए गए थे।

आज देश में लगातार 24वें दिन कोरोना वायरस के नए मामलों से ज्यादा रिकवरी हुई हैं। 5 जून तक देशभर में 23 करोड़ 13 लाख 22 हजार कोरोना वैक्सीन के डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 33 लाख 53 हजार 539 टीके लगाए गए। वहीं अबतक 36 करोड़ 47 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। बीते दिन 20.36 लाख कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए, जिसका पॉजिटिविटी रेट 6 फीसदी से ज्यादा है।

देश में आज कोरोना की ताजा स्थिति-

कुल कोरोना केस- 2 करोड़ 88 लाख 9 हजार 339

कुल डिस्चार्ज- 2 करोड़ 69 लाख 84 हजार 781

कुल एक्टिव केस- 14 लाख 77 हजार 799

कुल मौत- 3 लाख 46 हजार 759

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.20 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 93 फीसदी से ज्यादा हो गया है। एक्टिव केस घटकर 6 फीसदी से कम हो गए हैं। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भी भारत का दूसरा स्थान है। जबकि दुनिया में अमेरिका, ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है।

15 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां

देश के 15 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

17 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन

देश के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

प्रमुख राज्यों के हाल

महाराष्ट्र

यहां शनिवार को 13,659 लोग संक्रमित पाए गए। 21,776 लोग ठीक हुए और 741 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 58.19 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 55.28 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 99,512 लोगों की मौत हो गई। 1.88 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

उत्तर प्रदेश

यहां शनिवार को 1,028 लोग संक्रमित पाए गए। 4,346 लोग ठीक हुए और 120 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.97 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16.56 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 21,151 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 19,438 मरीजों का इलाज चल रहा है।

दिल्ली

दिल्ली में शनिवार को 414 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 1,683 लोग ठीक हुए और 60 की मौत हो गई। अब तक 14.28 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13.97 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 24,557 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 6,731 मरीजों का इलाज चल रहा है।