Covid-19 In India: पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2.11 लाख केस मिले, 3847 संक्रमितों की गई जान…

ख़बरें अभी तक || भारत कोरोना  महामारी की दूसरी लहर से  लगातार जूझ रहा है। हालांकि  कोरोना के आंकड़े बता रहे हैं कि संक्रमण का प्रकोप पहले से कम हुआ है लेकिन मौत का कोहराम लगातार जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कोरोना के 2 लाख 11 हजार 298 नए केस आए और 3847 संक्रमितों की जान चली गई है। वहीं 2 लाख 83 हजार 135 लोग कोरोना संक्रमण से ठीक भी हुए हैं। यानी कि बीते दिन 75 हजार 684 एक्टिव केस कम हो गए। इससे पहले मंगलवार को 2 लाख 08 हजार 921 लाख नए केस दर्ज किए गए थे और 4157 संक्रमितों की मौत हुई थी।

COVID19 Cases Updates: देश में कोरोना के मामलों में कमी, लेकिन 24 घंटे में  3,847 मौतें - Covid case today corona cases decrease in india but deaths in  hours - Latest News

26 मई तक देशभर में 20 करोड़ 26 लाख 95 हजार 874 कोरोना वैक्सीन के डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 18 लाख 85 हजार 805 टीके लगाए गए। वहीं अबतक 33 करोड़ 70 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। बीते दिन करीब 22 लाख कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए, जिसका पॉजिटिविटी रेट 9 फीसदी से ज्यादा है।

देश में आज कोरोना की ताजा स्थिति-

कुल कोरोना केस- 2 करोड़ 73 लाख 69 हजार

कुल डिस्चार्ज- 2 करोड़ 46 लाख 33 हजार 951

कुल एक्टिव केस- 24 लाख 19 हजार 907

कुल मौत- 3 लाख 15 हजार 235

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.15 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 89 फीसदी से ज्यादा है। एक्टिव केस घटकर 10 फीसदी से कम हो गए हैं। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भी भारत का दूसरा स्थान है। जबकि दुनिया में अमेरिका, ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है।

19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां

देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन

देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

प्रमुख राज्यों के हाल

1. महाराष्ट्र

यहां बुधवार को 24,752 लोग संक्रमित पाए गए। 23,065 लोग ठीक हुए और 992 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 56.50 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 52.41 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 91,341 लोगों की मौत हो गई। 3.15 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश

यहां बुधवार को 3,176 लोग संक्रमित पाए गए। 10,540 लोग ठीक हुए और 193 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.80 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 15.98 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 19,712 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 62,271 मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली

दिल्ली में बुधवार को 1,491 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 3,952 लोग ठीक हुए और 130 की मौत हो गई। अब तक 14.21 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13.78 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 23,695 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 19,148 का इलाज चल रहा है।