Corona In India: 24 घंटे में कोरोना के 2.57 लाख नए केस, 4194 लोगों की मौत !

ख़बरें अभी तक || भारत में कोरोना महामारी की दूसरी लहर लगातार कहर बरपा रही है। भले ही कोरोना के मामलों में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई हो। लेकिन देश में मौत का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। देश में हर दिन ढाई लाख से ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं साथ ही रोजाना चार हजार के करीब लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 2 लाख 57 हजार 299 नए कोरोना केस आए और 4 हजार 194 संक्रमितों की जान चली गई है। वहीं 3 लाख 57 हजार 630 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। यानी कि 1 लाख 4 हजार 525 एक्टिव केस कम हुए हैं। इससे पहले गुरुवार को 2.59 लाख नए केस दर्ज किए गए थे जबकि 4 हजार 209 संक्रमितों की मौत हो गई थी।

21 मई तक देशभर में 19 करोड़ 33 लाख 72 हजार 819 कोरोना वैक्सीन के डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 14 लाख 58 हजार 895 टीके लगाए गए। वहीं 32 करोड़ 64 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। बीते दिन करीब 20.66 लाख कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए, जिसका पॉजिटिविटी रेट 12 फीसदी से ज्यादा है।

देश में आज कोरोना की ताजा स्थिति-

कुल कोरोना केस– 2 करोड़ 62 लाख 89 हजार 290

कुल डिस्चार्ज– 2 करोड़ 30 लाख 70 हजार 365

कुल एक्टिव केस– 29 लाख 23 हजार 400

कुल मौत- 2 लाख 95 हजार 525

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.12 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 87 फीसदी से ज्यादा है। एक्टिव केस घटकर 12 फीसदी से कम हो गए हैं। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भी भारत का दूसरा स्थान है। जबकि दुनिया में अमेरिका, ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है।

दिल्ली में कोविड पॉजिटिविटी दर 5 प्रतिशत से नीचे

दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोविड के 3009 नए मामले सामने आए हैं, जो 1 अप्रैल के बाद सबसे कम है, जब एक दिन में 2790 नए कोविड संक्रमण दर्ज किए गए थे. रोजाना टेस्ट पॉजिटिविटी दर में भी कमी देखी गई है, जो शुक्रवार को 5 प्रतिशत (4.76 प्रतिशत) से नीचे चली गई. 4 अप्रैल के बाद यह पहली बार है कि राष्ट्रीय राजधानी की कोविड पॉजिटिविटी दर 5 प्रतिशत से नीचे आ गई है.

महाराष्ट्र में 30 हजार से कम नए कोरोना केस

महाराष्ट्र में लगातार सातवें दिन 35 हजार से कम और दूसरे दिन 30 हजार से कम नए कोरोना दर्ज किए गए हैं। राज्य में पिछले 24 घंटों में 29,644 नए मामले सामने आए और 555 मौतें हुई हैं। हालांकि 44 हजार 493 रिकवरी भी हुई है। महाराष्ट्र में कुल मामले बढ़कर 55 लाख 27 हजार 92 हो गए हैं। इनमें से कुल 50 लाख 70 हजार 801 मरीज ठीक हो गए। 86 हजार 618 कोरोना संक्रमित अपनी जान गंवा चुके हैं। 3 लाख 67 हजार 121 लोग अभी भी संक्रमित हैं।

19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां

देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन

देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

प्रमुख राज्यों के हाल

1. महाराष्ट्र

यहां शुक्रवार को 29,644 लोग संक्रमित पाए गए। 44,493 लोग ठीक हुए और 1,263 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 55.27 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 50.70 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 86,618 लोगों की मौत हो गई। 3.67 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश

यहां शुक्रवार को 7,682 लोग संक्रमित पाए गए। 17,668 लोग ठीक हुए और 172 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.59 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 15.34 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 18,760 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 1.06 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली

दिल्ली में शुक्रवार को 3,009 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 7,288 लोग ठीक हुए और 252 की मौत हो गई। अब तक 14.12 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13.54 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 22,831 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 35,683 का इलाज चल रहा है।