Corona In India: कोरोना वायरस से 24 घंटे में 4209 कोरोना संक्रमित लोगों की मौत, 2.59 लाख नए केस मिले…

ख़बरें अभी तक || भारत में कोरोना की दूसरी लहर अभी थमती नजर नहीं आ रही है। हर दिन कोरोना संक्रमण के मामलों में उतार चढ़ाव जारी है तो वहीं दूसरी तरफ कोरोना से होनी वाली मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। राहत की बात ये है कि, नए मामलों के मुकाबले रिकवर हो रहे लोगों की संख्या ज्यादा है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 2 लाख 59 हजार 551 नए कोरोना केस आए हैं और 4 हजार 209 संक्रमितों की जान चली गई है। वहीं 3 लाख 57 हजार 295 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। यानी कि 1 लाख 1 हजार 953 एक्टिव केस कम हुए हैं। इससे पहले बुधवार को 2 लाख 76 लाख नए केस दर्ज किए गए थे और 3 हजार 874 संक्रमितों की जान गई थी।

20 मई तक देशभर में 19 करोड़ 18 लाख 79 हजार 503 कोरोना डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 14 लाख 82 हजार 754 टीके लगाए गए। वहीं अबतक 32 करोड़ 44 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। बीते दिन करीब 20.61 लाख कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए, जिसका पॉजिटिविटी रेट 12 फीसदी से ज्यादा है।

देश में आज कोरोना की ताजा स्थिति-

कुल कोरोना केस- दो करोड़ 60 लाख 31 हजार 991

कुल डिस्चार्ज- दो करोड़ 27 लाख 12 हजार 735

कुल एक्टिव केस- 30 लाख 27 हजार 925

कुल मौत- 2 लाख 91 हजार 331

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.11 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 86 फीसदी से ज्यादा है। एक्टिव केस घटकर 12 फीसदी हो गए। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भी भारत का दूसरा स्थान है। जबकि दुनिया में अमेरिका, ब्राजील के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है।

कोविड टीके की 19 करोड़ से ज्यादा डोज दी गईं

देश में अबतक कोविड-19 टीके की 19 करोड़ से ज्यादा डोज दी जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि गुरुवार को टीकाकरण अभियान के 125वें दिन टीके की 14 लाख से ज्यादा खुराक दी गईं। मंत्रालय ने बताया कि 18-44 साल आयवुर्ग के 7 लाख 36 हजार 514 लोगों को गुरुवार को कोविड-19 टीके की पहली खुराक लगायी गयी और इस तरह इस टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत से अब तक 36 राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में इस उम्र वर्ग में 85 लाख 84 हजार 054 लाभार्थियों को टीके लगाए जा चुके हैं। देश में अब तक कोविड-19 टीके की 19 करोड़ डोज दिए गए हैं।

भारत में जानलेवा कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बीच अमेरिका की तरफ से भारत को कोरोना टीके की आठ करोड़ डोज देने की खबर है। हालांकि विदेश मंत्रालय ने कहा है कि सरकार अमेरिका से संपर्क में है, लेकिन अभी तक भारत को मिलने वाली डोज़ की जानकारी नहीं है। भारत को आठ में से छह करोड़ वैक्सीन देने की मांग उठ चुकी है।

19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां

देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन

देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

प्रमुख राज्यों के हाल

1. महाराष्ट्र

यहां गुरुवार को 29 लाख 911 लोग संक्रमित पाए गए। 47 लाख 371 लोग ठीक हुए और 984 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 54.97 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 50.26 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 85 हजार 355 लोगों की मौत हो गई। 3.83 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश

यहां गुरुवार को 6 हजार 681 लोग संक्रमित पाए गए। 13 हजार 590 लोग ठीक हुए और 236 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 16.51 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 15.16 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 18 हजार 588 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 1.16 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली

दिल्ली में गुरुवार को 3 हजार 231 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 7 हजार 831 लोग ठीक हुए और 233 की मौत हो गई। अब तक 14.09 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13.47 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 22 हजार 579 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 40 हजार 214 का इलाज चल रहा है।