COVID-19 In India: 24 घंटे में रिकॉर्ड 4205 लोगों ने तोड़ा दम, नए केस के मुकाबले ज्यादा मरीज हुए रिकवर !

ख़बरें अभी तक || भारत में कोरोना का कहर अभी थमा नहीं है। कोरोना के मामलों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। वहीं वायरस से मरने वालों का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ रहा है। कोरोनो संक्रमण के चलते अब तक लगभग ढाई लाख से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कोरोना के 3 लाख 48 हजार 421 नए केस आए और 4 हजार 205 संक्रमितों की मौत हो गई है। वहीं राहत की बात ये रही कि, 3 लाख 55 हजार 338 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। एक दिन में मौत की संख्या ये सबसे ज्यादा है। इससे पहले 7 मई को 4 हजार 187 संक्रमितों की मौत हुई थी।

11 मई तक देशभर में 17 करोड़ 52 लाख 35 हजार 991 कोरोना डोज दिए जा चुके हैं। बीते दिन 24 लाख 46 हजार 674 टीके लगाए गए। वहीं अबतक करीब 30.75 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं। बीते दिन 19.83 लाख कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए, जिसका पॉजिटिविटी रेट 17 फीसदी से ज्यादा है।

देश में आज कोरोना की ताजा स्थिति-

कुल कोरोना केस- 2 करोड़ 33 लाख 40 हजार 938

कुल डिस्चार्ज- 1 करोड़ 93 लाख 82 हजार 642

कुल एक्टिव केस- 37 लाख 4 हजार 99

कुल मौत- 2 लाख 54 हजार 197

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.09 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट 83 फीसदी से कम है। एक्टिव केस घटकर 16 फीसदी से ज्यादा हो गया है। कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का दूसरा स्थान है। कुल संक्रमितों की संख्या के मामले में भी भारत का दूसरा स्थान है। जबकि दुनिया में अमेरिका, ब्राजील, मैक्सिको के बाद सबसे ज्यादा मौत भारत में हुई है।

8 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां

देश के 18 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

14 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन

देश के 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र की बात करें तो मंगलवार को कोविड के 40 हजार 956 नए मामले आने से कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 51 लाख 79 हजार 929 हो गयी.। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस दौरान संक्रमण से 793 मरीजों की मौत हो गयी। राज्य में अब तक 77 हजार 191 लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। राज्य में एक दिन पहले संक्रमण के 37 हजार 236 नए मामले आए थे।

मुंबई में लगातार दूसरे दिन दो हजार से कम नए मामले

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कोविड-19 के नए मामलों में कमी जारी है और मंगलवार को इसके संक्रमण के 1 हजार 717 नए मामले सामने आए जबकि इस दौरान 51 मरीजों की मौत हो गयी। नए मामलों के सामने आने के बाद मुंबई में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6 लाख 79 हजार 986 हो गयी। वहीं इस महामारी से अब तक जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 13 हजार 942 हो गयी है।

उत्तर प्रदेश

यहां मंगलवार को 20,445 लोग संक्रमित पाए गए। 29,358 लोग ठीक हुए और 301 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 15.45 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 13.13 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 16,043 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 2.16 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

दिल्ली

दिल्ली में मंगलवार को 12,481 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 13,583 लोग ठीक हुए और 347 की मौत हो गई। अब तक 13.48 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 12.44 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 20,010 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां 83,809 का इलाज चल रहा है।