शादी के 18 दिन बाद इंस्पेक्टर की पत्नी ने चुना मौत का रास्ता, सुसाइड नोट में लिखी वजह ?

ख़बरें अभी तक || हाथों की मेहंदी अभी पूरी तरह उतरी भी नहीं थी, इससे पहले ही नवविवाहिता ने मौत का रास्ता चुन लिया। शादी के महज 18 दिन बाद विवाहिता ने देहज प्रताड़ना और पिता के साथ हुई बदसलूकी के चलते आत्महत्या कर ली। जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला बहादुरगढ़ का है। यहां सैक्टर-7 में रहने वाली प्रियंका की पिछले महीने 15 मार्च को शादी हुई थी। भिवानी निवासी तिपेन्द्र के साथ प्रियंका शादी के बंधन में बंधी।

प्रियंका का पति तिपेन्द्र बैंगलोर में एक्साइज इंसपैक्टर के पद पर कार्यरत है। धूमधाम से दोनों की शादी सम्पन्न हुई। प्रियंका काफी खुश थी, मगर शादी के बाद उसे लगातार दहेज के लिए परेशान किया गया। ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे, जिसके चलते विवाहिता ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौत से पहले मृतका ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने पति, जेठ, सास व ससुर को अपनी मौत का जिम्मेवार ठहराया।  

वहीं इस मामले में मृतका के पिता ने कहा कि ‘शादी के बाद से ही लगातार प्रियंका को उसके ससुराल वाले देहज के लिए परेशान कर रहे थे। कुछ दिन पहले उनके पास प्रियंका की ननद का फोन आया। प्रियंका की ननद ने फोन पर कहां कि वह उसे अपने यहां नहीं रख सकते, आकर अपनी बेटी का यहां से ले जाए। जिसके बाद प्रियंका के पिता फ्लाईट से बैंगलोर पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद पिता बेटी के ससुराल वालों के सामने खूब गिड़गिड़ाया, लेकिन उन्होंने एक ना सुनी। वहां पर ससुराल वालों ने प्रियंका और उसके पिता के साथ बदसलूकी की।

इतना ही नहीं बल्कि ससुराल वालों ने सिक्योरिटी गार्ड से कहकर प्रियंका और उसके पिता को फ्लैट से बाहर निकलवा दिया। इसके बाद पिता अपनी बेटी को लेकर वापस बहादुरगढ़ आ गए। बीती देर रात प्रियंका ने अपने कमरे में पंखे पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पिता ने आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी की मौत के लिए उसके सुसराल वाले जिम्मेवार है।

प्रियंका अपने पिता के साथ हुई बदसलूकी नहीं सह सकी, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। वहीं मौके पर पहुंचे एसएचओ जयभगवान ने बताया कि ‘उन्हें एक व्यक्ति ने सूचना दी थी कि उसकी विवाहिता बेटी ने घर में ही फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया गया है। मृतका के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। जिसके आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।