Coronavirus: कोरोना की रफ्तार बेकाबू, 24 घंटे में रिकॉर्ड तोड़ 89 हजार से ज्यादा केस, 714 की मौत !

ख़बरें अभी तक || भारत में कोरोना वायरस की नई लहर का प्रकोप जारी है। देश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार से हालात बेहद भयावह हो गए हैं। अब हर दिन कोरोना मामलों का रिकॉर्ड टूट रहा है। देश में छह महीने बाद (195 दिन) पहली बार रिकॉर्ड 89 हजार से ज्यादा नए कोरोना केस आए हैं। 24 मार्च से लगातार 50 हजार से ज्यादा कोरोना केस आ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में 89,129 नए कोरोना केस आए और 714 लोगों की जान चली गई है। हालांकि 44202 लोग कोरोना से ठीक भी हुए हैं। इससे पहले 19 सितंबर को 89 हजार से ज्यादा (92,605) केस आए थे।

एक समय ऐसा था जब देश में कोरोना संक्रमण की संख्या घटने लगी थी। इस साल 1 फरवरी को 8,635 नए कोरोना केस दर्ज किए गए थे। एक दिन में कोरोना मामलों की ये संख्या इस साल सबसे कम थी। देश में अबतक कोरोना वायरस के लिए कुल 24 करोड़ 70 लाख सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 11 लाख सैंपल कल टेस्ट किए गए।

आज देश में कोरोना की स्थिति-

देश में अब तक करीब एक करोड़ 23 लाख 92 हजार 260 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। करीब एक करोड़ 15 लाख 69 हजार 241 ठीक हो चुके हैं। एक लाख 64 हजार 110 लोगों ने जान गंवाई है। छह लाख 58 हजार 909 लोगों का इलाज चल रहा है। वहीं स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक कुल टीकाकरण- 7 करोड़ 30 लाख 54 हजार 295 डोज दी गई

सात करोड़ से ज्यादा कोरोना टीका लगे

देश में 16 जनवरी को कोरोना का टीका लगाए जाने की अभियान की शुरुआत हुई थी. 2 अप्रैल तक देशभर में 7 करोड़ 30 लाख 54 हजार 295  कोरोना डोज दिए जा चुके हैं. बीते दिन 30 लाख 93 हजार 795 टीके लगे. वैक्सीन की दूसरी खुराक देने का अभियान 13 फरवरी से शुरू हुआ था. 1 अप्रैल से 45 साल से ऊपर से सभी लोगों को टीका लगाया जा रहा है.

देश में कोरोना से मृत्यु दर 1.33 फीसदी है जबकि रिकवरी रेट करीब 94 फीसदी है. एक्टिव केस बढ़कर 5 फीसदी हो गया है. कोरोना एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का 5वां स्थान है.

महाराष्ट्र में हालात सबसे ज्यादा खराब

देश में हर दिन सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमण के मामले महाराष्ट्र में आ रहे हैं और सबसे ज्यादा मौत भी यहीं हो रही है। महाराष्ट्र में कल कोरोना वायरस संक्रमण के 47,827 नए मामले सामने आए। महामारी की शुरुआत के बाद से राज्य में एक दिन में सबसे ज्यादा मामले आए हैं। वहीं संक्रमण से और 202 मरीजों की मौत होने के साथ ही राज्य में महामारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़ कर 55,379 पहुंच गई। राज्य में अब तक संक्रमित हुए रोगियों की कुल संख्या 29,04,076 हो गयी है।

पंजाब
यहां शुक्रवार को 2,873 नए मरीज मिले। 2,002 ठीक हुए, जबकि 57 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.45 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.13 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 6,983 की मौत हुई है। फिलहाल 25,458 लोगों का इलाज चल रहा है।

दिल्ली
यहां शुक्रवार को 3,594 नए केस आए। 2,084 मरीज ठीक हुए और 14 संक्रमितों की मौत हुई। यहां अब तक 6.68 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं, 6.45 लाख ठीक हुए हैं और 11,050 ने जान गंवाई है। अभी 11,994 का इलाज चल रहा है।

 मध्यप्रदेश
यहां शुक्रवार को 2,777 नए मरीज मिले। 1,482 लोग ठीक हुए, जबकि 16 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.77 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,014 की मौत हुई है। फिलहाल 19,336 लोगों का इलाज चल रहा है।

 गुजरात
यहां शुक्रवार को 2,640 नए कोरोना मरीज मिले। 2,066 मरीज ठीक हुए, जबकि 11 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.12 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.94 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,539 मरीजों की मौत हुई है और फिलहाल 13,559 लोगों का इलाज चल रहा है।

राजस्थान
यहां शुक्रवार को 1,422 संक्रमितों की पहचान हुई। 499 मरीज ठीक हुए और 2 लोगों की मौत हुई। राज्य में अब तक करीब 3.36 लाख मरीज इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3.22 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,824 ने जान गंवाई है। फिलहाल 10,484 मरीजों का इलाज चल रहा है।

कुछ राज्यों में कोरोना से एक भी मौत नहीं

कोरोना से सबसे ज्यादा मौत महाराष्ट्र में हुई है। लेकिन देश के कुछ राज्य ऐसे भी हैं, जहां कोरोना से अब एक भी संक्रमित शख्स की मौत नहीं हो रही है। ये जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों से मिली है। ये कुछ राज्य हैं- अंडमान व निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, दादरा नगर हवेली, लद्दाख, लक्षद्वीप, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा आदि।