शर्मसार: घर में घुसकर महिला के साथ दुष्कर्म, धमकी देकर आरोपी फरार

ख़बरें अभी तक || हरियाणा के पलवल से शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां रात के समय घर में घुसकर एक महिला के साथ दुष्कर्म जैसे घिनौने अपराध को अंजाम दिया गया। इतना ही नहीं बल्कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी और फरार हो गया। फिलहाल महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक मामला पलवल का है। इस मामले में पुलिस जांच अधिकारी एएसआई मुन्नी ने बताया कि 25 वर्षीय पीड़ित महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि बीते 29 मार्च को महिला का पति किसी काम की वजह से घर से बाहर था। इसी बीच रात के समय वह घर में सोई हुई थी। रात करीब 12 बजे गांव सोलड़ा निवासी मनोज घर के अंदर घुस गया। घर के अंदर महिला को अकेला देख आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

महिला ने शोर मचाया, लेकिन रात का समय होने के कारण कोई नहीं आया। आरोपी ने दुष्कर्म करने के बाद पीड़िता को किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गया। फिलहाल पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।