Women’s Day : आज देशभर में किसान आंदोलन की कमान संभालेंगी महिलाएं

Khabrain Abhi Tak, Chandigarh, 8 March, 2021

केंद्र की मोदी सरकार द्वार लाये गए नए कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर दिल्ली की सीमाओं पर पिछले 100 दिनों से अधिक समय से चल रहे किसान आंदोलन की कमान आज महिलाओं के हाथों में होगी। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर होने वाले महिला किसान सम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महिला दिवस के मौके पर देशभर में जहां भी इस तरह के धरने चल रहे हैं, सभी का संचालन महिलाओं के हाथों में रहेगा।

महिला किसान अपनी भागीदारी के साथ ही आंदोलन को समर्थन देंगी। महिला किसान सम्मेलन को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने रविवार को दिनभर बैठक की और देशभर से हर वर्ग की महिला किसानों को यहां पहुंचने का कॉल दिया।

बता दें कि केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में किसान बीती 26 नवंबर से आंदोलनरत हैं। इस बीच किसानों व सरकार के बीच 11 दौर की वार्ता भी हो चुकी है, लेकिन बावजूद इसके बात नहीं बन पाई। सरकार जहां कानूनों में फेरबदल की बात कही रही है, वहीं किसानों ने कृषि कानूनों को रद्द करने से कम कुछ भी मानने से इनकार किया हुआ है। वहीं 22 जनवरी के बाद से अभी तक किसानों व सरकार के बीच कोई बातचीत भी नहीं हुई है। जिस कारण आंदोलन लंबा खिंचता नजर आ रहा है।

वहीं सरकार के रुख को देखते हुए किसान भी आंदोलन को मजबूत करने की अपनी अलग रणनीतियां बना रहे हैं। इसी कड़ी में आठ मार्च को महिला दिवस के मौके पर आंदोलन की कमान महिलाओं के हाथों में देने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान महिलाएं जहां धरने का नेतृत्व करेंगी, वहीं आंदोलन की मजबूती के लिए रणनीतियां भी बनाएंगी। किसानों ने स्पष्ट किया है कि जब तक किसानों की मांगे पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

मंच से भाषण देंगी महिलाएं

संयुक्त किसान मोर्चा ने रविवार को लंबी देर तक चली बैठक में निर्णय लिया है कि आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाएं जहां आंदोलन की कमान सभालेंगी, वहीं मंच से भाषण भी देंगी। संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने कहा कि महिलाओं की ओर से ही मंच से भाषण व दूसरे कार्यक्रम भी रखे गए हैं। आंदोलन की मजबूती के लिए महिलाएं ही आगामी रणनीतियां बनाएंगे।