अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर पहली बार हरियाणा विधानसभा में स्पीकर की कुर्सी संभालेंगी महिला विधायक

Khabrain Abhi Tak, Chandigarh, 8 March, 2020

हरियाणा विधानसभा का सत्र आज महिला विधायक चलाएंगी। दरअसल हरियाणा सरकार ने 8 मार्च, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को गरिमापूर्ण ढंग से मनाने का निर्णय लिया है। महिला दिवस के मौके पर पहली बार हरियाणा विधानसभा में स्पीकर की कुर्सी महिला विधायक संभालेंगी।

सदन की पूरी कार्यवाही महिलाओं के हाथों में होगी और उन पर ही निर्भर करेगा कि वे कैसे सदन की कार्यवाही को चलाएं। पांच महिला विधायकों बड़खल विधायक सीमा त्रिखा, बाढ़ड़ा विधायक नैना सिंह चौटाला, गन्नौर से विधायक निर्मल रानी, झज्जर विधायक गीता भुक्कल और तोशाम विधायक किरण चौधरी को इसके लिए अधिकृत किया गया है।

सभी को सदन चलाने के लिए 45-45 मिनट का समय दिया जाएगा। देश में यह पहला मौका होगा जब सदन महिला विधायकों के हवाले होगा। हरियाणा के अलावा, इससे पहले किसी प्रदेश में इस तरह की पहल नहीं हुई है।

सोमवार को सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे प्रश्नकाल से शुरू होगी। इसकी शुरुआत अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता करेंगे, कुछ ही देर के बाद वे कुर्सी महिला विधायकों को सौंप देंगे। प्रश्नकाल की आगे की कार्यवाही महिलाएं चलाएंगी। इसके बाद शून्यकाल और अभिभाषण पर चर्चा का फैसला भी महिलाएं ही करेंगे। सदन की कार्यवाही शाम 6 बजे तक चलेगी।

पांचों महिला विधायकों को 45-45 मिनट का समय हाउस चलाने के  लिए दिया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता का कहना है कि हमारा प्रयास रहेगा कि सदन में सबसे पहले महिलाओं को ही बुलवाया जाए। हालांकि, ये अधिकार कुर्सी पर बैठने वाली महिला विधायक के पास होगा कि वे किस मुद्दे पर चर्चा चाहती हैं और किस पर नहीं।

कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा चंडीगढ़ के सैक्टर-18 में सायं 6 बजे से अपराजिता, 2021 नाम से एक दिवसीय सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा।

एक सरकारी प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि 5 मार्च से आरंभ हुए बजट सत्र के पहले दिन विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सदन संचालन के लिए महिला सदस्यों के नामों की घोषणा की थी, जिनमें विधायिका सीमा त्रिखा, नैना सिंह चौटाला, निर्मल रानी चौधरी, गीता भुक्कल व किरण चौधरी शामिल हैं। इस दिन सदन में अधिक से अधिक महिला सदस्यों को बोलने का अवसर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में जाने माने नाटककार डॉ. महेश कुमार द्वारा ‘कितने चेहरे, कितने मुखौटे’ नाटक की प्रस्तुति की जाएगी। इसके अलावा महिला सशक्तीकरण पर लघु नृत्य, देवी अराधना, रागिनी व हरियाणवी लोकनृत्य भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे।

उन्होंने बताया कि टैगोर थिएटर में दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क होगा। प्रवक्ता ने बताया कि महिला दिवस के अवसर पर जिला स्तर व शिक्षण संस्थानों में भी कार्यक्रमों का आयेजन किया जाएगा।