करवा चौथ के लिए सजाकर रखा था चूड़ा, लेकिन व्रत से पहले ही लगा ली फांसी

ख़बरें अभी तक || देशभर में आज सुहागन महिलाएं करवाचौथ का त्योहार मना रही है। लेकिन यमुनानगर में रहने वाली एक महिला ने करवाचौथ से पहले ही मौत को गले लगा लिया। महिला ने अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इलाके में इस घटना के बाद हर कोई हैरान है।  

जानकारी के मुताबिक मामला यमुनानगर के कीर्ति कॉलोनी का है। पांच महीने पहले यूपी के गोंडा निवासी प्रीति की शादी यमुनानगर निवासी रामू के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन करवाचौथ के अगले दिन प्रीति मायके जाने की जिद कर रही थी। इस बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। कहां यह भी जा रहा है कि प्रीति का पति रामू अक्सर शराब पीकर घर में आता था, इसको लेकर भी कभी छोटे- मोटे झगड़े हो जाते थे।

वहीं रामू के भाई ने बताया कि उसका भाई रिक्शा चलाता है। रात को रामू का उसकी पत्नी के साथ विवाद हुआ और फिर रामू उसके पास लालद्वारा कॉलोनी में आ गया। इसके बाद सुबह के समय रामू मोबाइल लेने के लिए अपने घर गया, लेकिन जैसे ही उसने अपने कमरे का दरवाजा खोला अंदर का नजारा देख उसके होश उड़ गए। उसने देखा की प्रीति फंदे से लटकी हुई थी। जिसके बाद आनन- फानन में प्रीति को फंदे से उतारकर तुरंत अस्पताल लेकर गए।

लेकिन यहां सिविल अस्पताल के डॉक्टर ने प्रीति मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना के बाद जब पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्होनें देखा कि प्रीति ने करवा चौथ पर सजने संवरने के लिए सामान रखा हुआ था। चूड़ा पैकिंग में ही रखा हुआ था। उसका पहला करवा चौथ था। लेकिन ना जाने ऐसा क्या हुआ कि प्रीति ने मौत को गले लगा लिया ? फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रीति के मायके वाले जो भी बयान देंगे, उसके आधार पर इसमें कार्रवाई की जाएगी।