शर्मसार: ससुराल से मायके आई महिला के साथ दुष्कर्म, आरोपी ने ऐसे दिया वारदात को अंजाम

ख़बरें अभी तक || हरियाणा के पलवल से एक बार फिर शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां रात के समय घर में सो रही महिला का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म जैसे घिनौने अपराध को अंजाम दिया गया। इतना ही नहीं बल्कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद पीड़ित महिला को किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। 

वहीं इस मामले में जानकारी देते हुए पलवल पुलिस एएसआई रचना ने बताया कि 20 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई है। अपनी शिकायत में पीड़िता महिला ने बताया कि वह अपने ससुराल से मायके आई थी और पिछले करीब 2 महीने से वह यहीं पर रह रही थी। बीते 29 अक्टूबर की रात वह अंदर कमरे में सोई हुई थी और उसकी मां बाहर दुकान में सो रही थी। इसी दौरान देर रात के समय गांव मलाई निवासी जफरुद्दीन घर में घुस आया और उसने पीड़िता को अगवा कर लिया। आरोपी युवक पीड़ित महिला का अपहरण कर उसे अपने घर ले गया।

वहां उसके घर पर कोई नहीं था। उसके परिवार के सभी सदस्य बाहर सोए हुए थे। इसी दौरान आरोपी ने पीड़ित महिला के साथ दुष्कर्म किया और फिर वारदात के बारे में किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी। जैसे- तैसे घर पहुंची पीड़िता ने आपबीती अपनी मां को बताई और मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी जफरुद्दीन के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल पुलिस गिरफ्त से बाहर है। जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।